बिहार में सम्राट चौधरी की एनडीए सरकार का कैबिनेट विस्तार 7 मई को होगा। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। गांधी मैदान के सभी गेट अभी से आम लोगों के लिए बंद कर दिए गए हैं और शपथ समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के भी मौजूद रहने की बात कही जा रही है। इस बीच मंत्रियों की संभावित सूची भी सामने आ गई है जिसके अनुसार एनडीए के सभी दलों को मिलाकर कुल 27 संभावित मंत्रियों के शपथ लेने की जानकारी मिली है।
गांधी मैदान में शपथ की तैयारियां शुरू
दरअसल, कल 6 मई को सम्राट कैबिनेट की बैठक होने वाली है। उसके ठीक अगले दिन ही सम्राट मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। सम्राट चौधरी की नई कैबिनेट का स्वरूप कैसा होगा ये भी सामने आ गया है। बीजेपी और जेडीयू के साथ सहयोगी दलों लोजपा (आर), हम और आरएलएम से भी मंत्री बनेंगे। बीजेपी और जेडीयू के कोटे में सोलह-सोलह पद हैं। इनमें कितने मंत्री बनाए जाने हैं इसका फ़ैसला सीएम सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार की बातचीत के बाद होगा। लेकिन इतना बता दिया गया है कि अभी 27 मंत्री शपथ लेंगे। मतलब यह कि कैबिनेट विस्तार में नीतीश कुमार की भूमिका अहम होने वाली है और आगे भी विस्तार किया जाएगा।
किस दल से कितने मंत्री बनेंगे?
सूत्रों के मुताबिक बिहार में बीजेपी से 12, जेडीयू से 11 मंत्री शपथ लेंगे। जबकि लोजपा रामविलास से 2, हम और आरएलएम से एक-एक मंत्री बनेंगे। खबरों के मुताबिक कुछ मंत्री पद ख़ाली रखे जाएंगे। बिहार में अभी सीएम बीजेपी से और दो डिप्टी सीएम जेडीयू से हैं। हालांकि मंत्री पद की शपथ लेने वाले चेहरे कौन होंगे, इस पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है। शपथ लेने वाले मंत्रियों के नाम अभी सामने नहीं आए हैं। लेकिन कहा जा रहा कि बिहार के संभावित मंत्री कौन होंगे, ये पिछले महीने तभी तय हो गया था जब सम्राट चौधरी पटना में नीतीश से मुलाकात के बाद दिल्ली में पीएम मोदी से मिलकर पटना वापस लौटे थे। संकेत ये भी हैं कि इस बार कैबिनेट विस्तार में कई पुराने चेहरों की छुट्टी हो सकती है, संगठन और चुनावी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नए नेताओं को मौका दिया जा सकता है।
JDU कोटे के संभावित मंत्री
- श्रवण कुमार
- अशोक चौधरी
- लेसी सिंह
- मदन सहनी
- जमा खां
- सुनील कुमार
- शीला मंडल
- रत्नेश सदा
- बुलो मंडल
- जयंत राज
- भगवान सिंह कुशवाहा
BJP मंत्रियों की संभावित लिस्ट
- मंगल पाण्डेय
- रामकृपाल यादव
- दिलीप जायसवाल
- श्रेयसी सिंह
- लखेंद्र पासवान
- संगीता कुमारी
- रमा निषाद
- प्रमोद कुमार चंद्रवंशी
- अरूण शंकर प्रसाद
- संजय सिंह टाईगर
- विजय कुमार सिन्हा