– देसी कट्टा व जिंदा कारतूस बरामद
नवादा : जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच सुबह-सुबह मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने हाफ एनकाउंटर करते हुए एक अपराधी को गोली मार दी है। बताया जा रहा है कि रोह थाना क्षेत्र के कोशी गांव में राइस मिल के पास रविवार को पौ फटने से पहले करीब तीन बजे पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से एक अपराधी घायल हो गया। उसके पास से एक देसी कट्टा और तीन कारतूस बरामद किया गया है।
अपराधी की पहचान जमुई जिले के लछुआड़ गांव निवासी मिंटू यादव के रूप में हुई है। 23 जनवरी को रोह थाना क्षेत्र के कोशी गोड़ीहारी पथ पर ग्रामीण मेडिकल प्रैक्टिशनर अशोक कुमार की नृशंस हत्या में इसकी संलिप्तता पाई गई थी और पुलिस को इसकी तलाश थी। पुलिस को सूचना मिली कि मिंटू अपने अन्य साथियों के साथ दो अलग-अलग बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहा है। पुलिस उसका पीछा करने लगी। इसी दौरान अपराधी ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली अपराधी के पैर में लगी।
घायल अपराधी को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। मिंटू के विरुद्ध कई गंभीर आरोप में दूसरे थानों में भी प्राथमिकी दर्ज हैं और वह अंतरराज्यीय अपराधी है। एनकाउंटर के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि कुख्यात मंटू यादव 50 हजार रुपए का इनामी था। उसपर नवादा और जमुई थाने में हत्या सहित कई मामले हैं दर्ज हैं। मौके से दूसरा मोटर साइकिल सवार अपराधी अभी फरार है। एक अन्य कुख्यात अपराधी टिंकू यादव गिरफ़्तार हुआ है।
भईया जी की रिपोर्ट