पटना : बिहार के मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के बावजूद गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग (IMD) ने आज, सोमवार (6 अप्रैल) को राज्य के सभी जिलों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से दक्षिण-पश्चिम बिहार के 6 जिलों में ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, आज दक्षिण-पश्चिम बिहार के निम्नलिखित जिलों में स्थिति अधिक गंभीर रह सकती है। बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल में मध्यम स्तर की बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने और ओले गिरने की प्रबल संभावना है। वहीँ, औरंगाबाद, गया, नवादा, नालंदा, जहानाबाद, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, बांका और भागलपुर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहाँ 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, कल मंगलवार (7 अप्रैल) को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में दस्तक देगा। इसका सीधा असर बिहार पर पड़ेगा, अधिकांश जिलों में बादल छाएंगे और आंधी चलने के आसार हैं। पूरे राज्य में गरज के साथ बारिश और कई जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना है। हैरानी की बात यह है कि बारिश और आंधी के बावजूद दिन के तापमान में कोई बड़ी गिरावट दर्ज नहीं की जा रही है।
अधिकांश जिलों में पारा 34°C से 35°C के बीच बना हुआ है। रविवार को रोहतास का डेहरी 38.2°C के साथ सबसे गर्म रहा। राजधानी में पारा 2.4 डिग्री गिरकर 35.2°C पर रहा, लेकिन रात का तापमान 26°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। सहरसा में सबसे कम 19.7°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है, विशेषकर वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।