बिहार की नीतीश सरकार ने वर्ष 2025 के अंतिम क्षणों में आज मंगलवार को एक दर्जन से अधिक वरिष्ठ IAS अफसरों का तबादला कर दिया। इसमें भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित आईएएस संजीव हंस समेत कुल 17 IAS अफसरों को इधर से उधर किया गया है। इसके तहत बिहार के चार प्रमंडलों में नए कमिश्नर नियुक्त किये गए हैं। इनमें मुंगेर, सारण, तिरहुत और भागलपुर में नये प्रमंडलीय आयुक्तों की तैनाती हुई है। राजस्व पर्षद के अपर सदस्य प्रेम सिंह मीणा को मुंगेर प्रमंडल का नया आयुक्त बनाया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से इन IAS अफसरों के तबादले की अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
संजीव हंस अपर सदस्य राजस्व परिषद
अधिसूचना के अनुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1997 बैच के अधिकारी संजीव हंस को अगले आदेश तक अपर सदस्य, राजस्व परिषद, बिहार, पटना के पद पर पदस्थापित किया गया है। वहीं 1995 बैच की आईएएस अधिकारी और अपर मुख्य सचिव, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग विजयलक्ष्मी एन. को अगले आदेश तक अपर मुख्य सचिव, योजना एवं विकास विभाग, बिहार, पटना के पद पर स्थानांतरित किया गया है। इसके साथ ही वह सचिव, बिहार राज्य योजना परिषद, पटना और परियोजना निदेशक, बिहार आपदा पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण सोसाइटी, पटना के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगी।
ये अफसर इन पदों पर किये गए नियुक्त
इसके अलावा के सेंथिल कुमार को प्रधान सचिव, गन्ना उद्योग विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके अतिरिक्त वह सचिव बिहार राज्य योजना परिषद और परियोजना निदेशक बिहार आपदा पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण सोसाइटी के प्रभार में भी रहेंगे। वहीं शीर्षत कपिल अशोक को प्रभारी सचिव के रूप में डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के दायित्वों का निष्पादन करने का जिम्मा दिया गया है। इसी तरह 1997 बैच के IAS पंकज कुमार को प्रधान सचिव, ग्रामीण विकास विभाग बनाया गया है। जबकि वे जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे। 1998 बैच के IAS अधिकारी नर्मदेश्वर लाल को प्रधान सचिव, कृषि विभाग के पद पर भेजा गया है। साथ ही वे जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे।
स्थानांतरित होने वाले अन्य आईएएस अफसरों में विनय कुमार को प्रधान सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग के पद पर भेजा गया है। वहीं प्रेम सिंह मीणा मुंगेर प्रमंडल के अयुक्त बने हैं। मनीष कुमार को सारण प्रमंडल का आयुक्त बनाया गया है तो आईएएस पुडकलकट्टी अब सचिव, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे। वहीं निलेश रामचंद्र देवरे को अगले आदेश तक विशेष सचिव, पर्यटन विभाग बनाया गया है। 2014 बैच के आईएएस अमित पांडेय को बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड के एमडी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं 2011 बैच के महेन्द्र कुमार को खेल विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है। 2017 बैच के अधिकारी आरिफ अहसन को निदेशक, खेल, बिहार, पटना के अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।