TRE-4 के नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। आज मानसून सत्र के दूसरे दिन विधानसभा में राजद विधायकों की ओर से शिक्षक बहाली कैलेंडर, PT-मेंस और TRE-4 की अधिसूचना में देरी को लेकर सवाल उठाया गया। इसी सवाल पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा बयान देते हुए स्पष्ट कहा कि TRE-4 की अधिसूचना जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में ही जारी कर दी जाएगी। विपक्षी सदस्य के प्रश्न में कहा गया कि वर्ष 2025 में शिक्षा बहाली कैलेंडर का पालन नहीं किया गया और वर्ष 2026 में भी अब तक TRE-4 की अधिसूचना जारी नहीं हुई है। इस पर जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सरकार शिक्षक अभ्यर्थियों के हितों के प्रति पूरी तरह गंभीर है और भर्ती प्रक्रिया को जल्द शुरू किया जाएगा। वहीं इसके बाद पूरक प्रश्न में सदस्य ने टीआरई—4 अभ्यर्थियों द्वारा कई परीक्षाएं पास करने के बाद शिक्षक बनने की योग्यता हासिल करने की बात करते हुए माग किया कि अब टीआरई 4 की परीक्षा एकल ही कराई जानी चाहिए, न कि पीटी और मेनस के प्रारूप में।
जुलाई में ही आएगी टीआरई-4 बहाली
विपक्ष के सवाल का जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि TRE-4 की अधिसूचना इसी महीने जारी करने के लिए भेजी जा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अगले पांच वर्षों में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति करने का निर्देश दिया है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग भर्ती प्रक्रिया को तेज गति से आगे बढ़ा रहा है। शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि भर्ती प्रक्रिया में जो भी तकनीकी या प्रशासनिक कमियां हैं, उन्हें दूर किया जा रहा है ताकि आगे किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि TRE-4 की बहाली शुरू होने के बाद शिक्षक अभ्यर्थियों की सभी शिकायतों का समाधान हो जाएगा।
इसके बाद विधानसभा में शिक्षा विभाग में खाली पदों का मुद्दा जोरदार ढंग से उठा। उच्च शिक्षा विभाग में 85 प्रतिशत पद रिक्त होने और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालयों में 62 प्रतिशत शिक्षकों की कमी को लेकर सत्ता पक्ष के विधायकों ने ही सरकार से जवाब मांगना शुरू कर दिया। जब मामला बढ़ गया तो मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को दखल देना पड़ा और उन्होंने इसको लेकर बड़ा ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए शिक्षा विभाग को विशेष मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं और एक महीने के भीतर इन सभी पदों पर बहाली प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। बहरहाल, TRE-4 की अधिसूचना को लेकर सदन में आए सरकार के इस बयान के बाद राज्य के लाखों बीपीएससी शिक्षक अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब सभी की नजर जुलाई के अंतिम सप्ताह पर टिकी है, जब शिक्षा विभाग आधिकारिक अधिसूचना जारी कर भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत करेगा।