गोपालगंज के जादोपुर थाना क्षेत्र के जगीरी टोला गांव में आज सोमवार को बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक 21 साल की युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देने के बाद अपराधी आराम से भाग निकले। जानकारी के अनुसार मृतका युवती की तीन माह बाद ही शादी होने वाली थी। लेकिन उससे पहले ही आज उसे मार डाला गया। हत्या की खबर पाकर शादी की तैयारियों में जुटे परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की पहचान जगीरी टोला निवासी दूधनाथ सिंह की 21 साल की बेटी रमी कुमारी के रूप में हुई है।
मृतका के पिता दूधनाथ सिंह ने बताया कि उनकी बेटी शादी को लेकर काफी उत्साहित थी। आज भी उनकी बेटी रमी अपने घर से कुछ ही दूरी पर कपड़ा बनवाने के लिए बाजार गई थी। इसी दौरान पहले से मौजूद बदमाशों ने उसे गोली मार दी। अचानक हुई इस वारदात के बाद वहां अफरातफरी मच गई। पिता ने बताया कि रमी कुमारी की शादी तीन महीने बाद ही मार्च महीने में शादी हानी तय थी। परिवार में शादी की तैयारियों को लेकर खुशियों का माहौल था। लेकिन इस घटना ने सब खत्म कर दिया।
इधर घटना की सूचना मिलते ही जादोपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेजा और घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया। इस हत्याकांड को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा के बीच पुलिस ने प्रेम प्रसंग के एंगल से भी पड़ताल शुरू की है। ग्रामीण लड़की की शादी से इस मामले को जोड़कर देख रहे है। आशंका है कि गांव के ही कुछ लड़कों के द्वारा इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पिता ने भी गांव के ही एक डीलर के लड़के को इस मामले में नामजद किया है। हालांकि अभी तक हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।