बिहार में स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की राशि 4 लाख से घटाकर 2 लाख किए जाने की खबरों पर बिहार सरकार ने लगाम लगाते हुए यह साफ कर दिया है कि छात्रों के लिए 4 लाख लोन की सुविधा बरकरार रहेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट कर दिया कि उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को 4 लाख की सहायता पहले की तरह ही मिलती रहेगी। दरअसल बिहार सरकार की तरफ से जारी एक नोटिफिकेशन में बताया गया था कि सरकार ने अधिकतम लोन सीमा घटाकर 2 लाख कर दी है। बाकी का लोन बैंकों से मिलेगा। उच्च शिक्षा विभाग के सचिव की तरफ से कहा गया था कि अब 2 लाख रुपए तक का शिक्षा ऋण बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं 2 लाख से 4 लाख तक की वित्तीय सहायता अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। अब इसी मामले पर मुख्यमंत्री ने खुद स्थिति पूरी तरह साफ की है।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर किया ऐलान
अपने सोशल मीडिया हैंडल पर सीएम सम्राट ने लिखा कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के संबंध में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के मन में किसी भी प्रकार का संशय नहीं रहना चाहिए। उच्च शिक्षा के लिए 4 लाख तक का स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड मिल रहा है और यह सुविधा आगे भी पूर्ववत ही जारी रहेगी। बिहार सरकार युवाओं की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. शिक्षा के रास्ते में आर्थिक संसाधन को कभी भी बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाहों के चक्कर में न आएं। बिहार सरकार राज्य के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 886 करोड़ और वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में 950 करोड़ की स्वीकृति सरकार द्वारा दी गई है।
