बिहार STET की 4 नवंबर को होने वाली माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 की तारीख बदल गई है। इस परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह अहम सूचना देते हुए बीएसईबी ने बताया है कि चार नवंबर को होने वाली STET परीक्षा की तारीख बदल दी गई है। इस दिन केंद्रीय विद्यालय संगठन और नवोदय विद्यालय समिति की परीक्षा भी आयोजित है। इसी कारण बिहार एसटीईटी की 4 नवंबर को होने वाली पात्रता परीक्षा अब 21 नवंबर को कराने का फैसला लिया गया है। बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड के अनुसार चार नवंबर की परीक्षा के लिए अलग से संशोधित एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। संबंधित अभ्यर्थी अब इसके लिए 24 अक्टूबर से बीएसईबी की आधिकारिक वेबसाइट stetregistration.cbrt.co.in पर जाकर अपना संशोधित एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे संशोधित एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद परीक्षा की नई तारीख और अन्य जरूरी विवरणों की जांच कर लें।

24 को जारी होगा संशोधित एडमिट कार्ड
माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 का आयोजन पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 अक्टूबर से 20 नवंबर तक होना है। हालांकि, चार नवंबर की परीक्षा को पुनर्निर्धारित कर 21 नवंबर कर दिया गया है। अन्य तिथियों की परीक्षाओं में बदलाव नहीं किया गया है। बाकी सभी परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी।
बता दें कि तीन दिन पहले ही बिहार बोर्ड ने एसटीईटी 2026 का प्रवेश पत्र जारी कर दिया था। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी ने आधिकारिक प्रवेश पत्र पोर्टल पर जाकर अपना हॉल टिकट भी डाउनलोड कर लिया था। बोर्ड ने एसटीईटी की परीक्षा 25 अक्तूबर से 20 नवंबर 2026 तक कंप्यूटर आधारित परीक्षा के रूप में आयोजित किए जाने की जानकारी दी थी। लेकिन, आज अचानक अब नया तारीख जारी कर दी गई।
अन्य परीक्षाएं पूर्वनिर्धारित तिथियों पर
परीक्षा समिति के अनुसार 21 नवंबर को होने वाली परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को अलग से संशोधित एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। केवल चार नवंबर की परीक्षा की तिथि में बदलाव किया गया है। इस दिन परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को अब 21 नवंबर को परीक्षा में शामिल होना होगा। बिहार बोर्ड के अनुसार अन्य तिथियों पर होने वाली एसटीईटी-2026 की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी परीक्षा की तिथि के अनुसार एडमिट कार्ड और परीक्षा संबंधी निर्देशों की जानकारी लेते रहें।
