बांकीपुर में हार के बाद भाजपा में खलबली मच गई है। नेताओं के बीच घोर निराशा है। वोटरों के निर्णय से हर कोई सकते में है। पीएम से लेकर सीएम तक, सभी इसे खतरे की घंटी के तौर पर ले रहे है। इसबीच चुनाव के दौरान जनसुराज के प्रशांत किशोर ने भाजपा की जिस एक चूक को हाथोंहाथ लपक लिया था, आज उसपर भी मंथन की बात कही जा रही है। दरअसल, प्रशांत किशोर अपने चुनाव प्रचार के दौरान लगातार यह बात कहते हुए नजर आए थे कि भाजपा कहती है कि बांकीपुर में अगर वह कुत्ता-बिल्ली को भी टिकट देगी तो वह भी जीत जायेगा। अब भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने इस तरह का बयान कभी नहीं दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और कुछ मीडिया हाउस ने उनके शब्दों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया। इससे पार्टी के कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराने की कोशिश की गई और यह अब भी की जा रही है।
कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है पार्टी
रविशंकर प्रसाद ने साफ कहा-‘मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष पर सीधा आरोप लगाया कि वे लगातार गलतफहमियां फैला रहे हैं’। रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो अपने कार्यकर्ताओं के सम्मान और समर्पण पर चलती है। उन्होंने कहा- जीत-हार लोकतंत्र का हिस्सा है। लेकिन झूठ फैलाकर कार्यकर्ताओं का हौसला तोड़ना बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की यही कोशिश चल रही है। प्रसाद ने आगे कहा कि पार्टी के लाखों कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत करते हैं। उनका सम्मान करना हर नेता का फर्ज है। मीडिया और सोशल मीडिया पर गलत खबरें फैलाने से इन मेहनतकश लोगों का मनोबल टूटता है।
मीडिया ने शब्दों को तोड़ा-मरोड़ा
पटना साहिब सीट से सांसद और पूर्व मंत्री रहे रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि कुछ मीडिया आउटलेट्स और सोशल मीडिया अकाउंट्स उनके बयान को गलत अंदाज में पेश कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खुद मूल बयान सुनें। विपक्ष लगातार भ्रम फैला रहा है ताकि जनता को गुमराह किया जा सके। उन्होंने कहा कि आज के समय में सच को छिपाना आसान हो गया है। लेकिन सच्चाई सामने आनी ही चाहिए। भाजपा के कार्यकर्ता झूठे प्रचार से परेशान हो रहे हैं। ऐसे में नेताओं का फर्ज है कि वे सच्चाई बताएं। एक्स पर पोस्ट के साथ रविशंकर ने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसे सभी को देखने की अपील की है। रवि शंकर प्रसाद ने अंत में कहा कि वे तथ्य साझा करना चाहते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही क्लिप्स अधूरी हैं। पूरा बयान सुनने के बाद ही सही फैसला लिया जा सकता है।