नवादा : जिले के रजौली अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र में विद्युत स्पर्शाघात से दो की मौत हो गयी। पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। रजौली के लेंगुरा पंचायत की बिजवन गांव में बिजली के जर्जर तार की चपेट में आने से 28 वर्षीय संतोष कुमार की मौत हो गयी। हादसे के बाद तीन मासूम बच्चों और गर्भवती पत्नी की हालत खराब हो गयी। मृतक की पहचान बिजवन काशीचक निवासी सुधीर राजवंशी के 28 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि संतोष रात करीब नौ बजे शौच के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान बिजली के खंभे के पास वह करेंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गयी।
परिजनों से मिलकर विधायक ने ली पूरी जानकारी
सूचना मिलते ही रजौली विधायक विमल राजवंशी रात में ही अस्पताल पहुंचे,। उन्होंने परिजनों आशुतोष कुमार और विकास राम से पूरी घटना की जानकारी ली। परिजनों ने विधायक को बताया कि गांव में घरों के ऊपर से एलटी तार बेहद जर्जर हालत में लटका है। शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गयी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का आरोप, जर्जर तार के कारण हुआ हादसा
गांव वालों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही से जान जा रही है। इस पर विधायक ने बिजली कंपनी के अधिकारियों को निर्दश दिया कि क्षेत्र के सभी जर्जर तारों को जल्द बदलें। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी मदद और मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
दूसरी ओर अकबरपुर थाना क्षेत्र के धोवधटी गांव में करेंट लगने से अधेड़ की मौत हो गयी। मृतक की पहचान दासो राजवशी के पुत्र देवनन्दन राजवशी (50 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, देवनन्दन राजवशी घर के पास खेत में काम से गये थे। इसी दौरान करेंट लग गया, इससे वह जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों ने कहा-जर्जर तार के कारणसे हुआ हादसा
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मुखिया संजय राम ने बताया कि बिजली के तार में खराबी अथवा खुले तार के संपर्क में आने के कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से क्षेत्र में जर्जर तारों और बिजली व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सकी।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस, ग्रामीणों में रोष
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी, बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है।
भईया जी की रिपोर्ट