झारखंड की राजधानी रांची में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के आज सोमवार को विधानसभा मार्च के दौरान जमकर बवाल की खबर है। पुलिस ने छात्रों को तीतर—बितर करने के लिए लाठीचार्ज के बाद वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले दागे। लेकिन विधानसभा परिसर के आसपास निषेधाज्ञा लागू होने के बाद भी छात्र लगातार आगे बढ़ते रहे। प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिस के द्वारा लगाए गए बैरिकेट तोड़ दिया और आगे बढ़ने की कोशिश की। सुरक्षा बलों ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, फिर जब हालात बेकाबू हो गए तो लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। छात्रों की मांग है कि झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच की जाए।
विरोध कर रहे छात्रों के विधानसभा घेराव मार्च के दौरान सुरक्षाकर्मियों द्वारा किये गए लाठीचार्ज का जवाब प्रदर्शनकारी छात्रों ने उन पर चप्पलें और पानी की खाली बोतलें फेंक कर दिया। प्रदर्शनकारी छात्रों को हटाने के लिए जब पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया तो इस दौरान छात्र डांस करने लगे। इस सारी झड़प में कई छात्र और पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना है। जब छात्रों का भीड़ अनियंत्रित हो गया था तो पहले पुलिस ने उनपर वाटर कैनन का प्रयोग किया। इसके बाद भी छात्र लगातार विधानसभा की तरफ बढ़ते जा रहे थे। सेकड़ों छात्र खेत के रास्ते से लगभग विधानसभा के करीब पहुंच गए थे। फिलहाल वहां हालात अफरा—तफरी वाले बने हुए हैं और छात्रों से बातचीत की जा रही है।
इसबीच बड़ी खबर यह है कि सरकार ने JPSC के पूर्व चेयरमैन एल. खियांगते को अनियमितताओं के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। झारखंड CID ने आज सोमवार को छात्रों के तीव्र आंदोलन के बीच झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (JPSC) के पूर्व चेयरमैन L खियांगते को गिरफ्तार कर लिया। खियांगते ने 22 जुलाई को इस्तीफा दे दिया था। यह गिरफ्तारी ऐसे वक्त में हुई है, जब JPSC की परीक्षा देने वाले हजारों कैंडिडेट्स विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं और झारखंड विधानसभा की ओर मार्च कर रहे हैं। छात्र भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगा रहे हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।