पटना, 26 अक्टूबर। बिहार के राजगीर स्थित खेल परिसर के एथलेटिक स्टेडियम में आज (मंगलवार) भारत और न्यूजीलैंड की ‘माओरी अंडर-20’ टीमों के बीच रग्बी सेवंस सीरीज का आयोजन होने जा रहा है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सीरीज का औपचारिक उद्घाटन बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे।
इस ऐतिहासिक आयोजन में महिला और पुरुष टीमों के बीच मुकाबलों के साथ-साथ दोनों देशों के खिलाड़ियों की संयुक्त मिक्स्ड टीमें भी मैदान पर उतरेंगी। यह आयोजन न केवल युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच और अनुभव प्रदान करेगा, बल्कि दोनों देशों के बीच मैत्री और खेल सहयोग को भी नई मजबूती देगा। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4:00 बजे उद्घाटन एवं स्वागत समारोह से होगी। मैच से पूर्व न्यूजीलैंड की माओरी टीमें अपनी पारंपरिक और प्रसिद्ध ‘हाका’ (Haka) प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा, खेल भावना और मैत्री का संदेश देने के लिए दोनों देशों के खिलाड़ियों को मिलाकर बनाई गई मिक्स्ड टीमें ‘यूनिटी सेवन्स’ और ‘सेंटेनरी सेवन्स’ के नाम से मैदान में उतरेंगी।
इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के साथ केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे, बिहार के ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्री श्रवण कुमार, खेल एवं उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह, न्यूजीलैंड के कार्यवाहक उच्चायुक्त श्री मैट आयर्स, बिहार के मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्रीमती प्रीता वर्मा और भारतीय रग्बी फुटबॉल यूनियन के अध्यक्ष श्री राहुल बोस समेत अन्य गणमान्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे।
दोनों देशों की टीमों के मैदान में प्रवेश, अतिथियों से परिचय और राष्ट्रीय गान के कार्यक्रम के बाद मुकाबले का रोमांच शुरू होगा। पुरुष टीमों के मैच के बाद शाम 4:40 से 5 बजे तक भारतीय और न्यूजीलैंड की टीमों को स्मृति पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके बाद महिला टीमों के मुकाबले की तैयारी होगी। शाम 5:15 से 5:35 बजे तक भारत और न्यूजीलैंड की अंडर-20 महिला टीमों के बीच मैच खेला जाएगा। महिला मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड की माओरी महिला टीम भी पारंपरिक हाका प्रस्तुति देगी।
शाम 5:45 बजे से पुरुष और महिला मिक्स्ड टीमों का परिचय कराया जाएगा। इसके बाद ‘यूनिटी सेवन्स’ और ‘सेंटेनरी सेवन्स’ नाम से गठित टीमों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। पुरुष मिक्स्ड टीमों का मैच शाम 6:12 से 6:15 बजे तक और महिला मिक्स्ड टीमों का मैच शाम 6:15 से 6:35 बजे तक निर्धारित है। इस दौरान दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच आपसी सहयोग, खेल भावना और मैत्री का संदेश देने पर जोर रहेगा। कार्यक्रम के समापन से पहले भारतीय और न्यूजीलैंड की महिला एवं पुरुष अंडर-20 टीमों को विशेष रूप से तैयार स्मृति पदक और फ्रेंडशिप शील्ड प्रदान की जाएगी। शाम 6:50 बजे से समापन एवं सम्मान समारोह शुरू होगा।
