पटना। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने बिहार सरकार के निर्देश के बाद अपना सरकारी आवास खाली करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए 10, सर्कुलर रोड स्थित इस बंगले से उनके निजी उपयोग का सामान हटाने का काम तेजी से जारी है। आवास परिसर में सामान की पैकिंग और ढुलाई का कार्य चल रहा है। फिलहाल इस बंगले से हटाए जा रहे सामान को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के1, पोलो रोड स्थित सरकारी आवास पर भेजा जा रहा है। बचा हुआ अन्य सामान भी आने वाले कुछ दिनों में पूरी तरह स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
मालूम हो कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने का अंतिम नोटिस देते हुए 15 दिनों का अल्टीमेटम जारी किया गया था। यह बंगला अब वर्तमान सरकार में पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया जा चुका है। इससे पहले, राबड़ी देवी ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य का हवाला देते हुए सरकार से कुछ दिनों की मोहलत मांगी थी।
10 सर्कुलर रोड खाली करने के बाद अब बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष की हैसियत से राबड़ी देवी को 39, हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी बंगला आवंटित किया गया है। माना जा रहा है कि सामान शिफ्टिंग की प्रक्रिया पूरी होते ही वह अपने नए आवास में प्रवेश करेंगी।