पटना : बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने राजधानी स्थित राजधानी वाटिका (इको पार्क) का निरीक्षण कर अधिकारियों को इसे और अधिक आकर्षक, सुविधाजनक एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पार्क की स्वच्छता व्यवस्था, हरित परिदृश्य, आगंतुकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा रखरखाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने जनसुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा पार्क के समुचित रखरखाव के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और लोगों में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने में ऐसे सार्वजनिक स्थलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि राजधानी वाटिका को और अधिक आकर्षक एवं सुविधासंपन्न बनाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि नागरिकों को बेहतर अनुभव प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर पटना पार्क प्रमंडल के डीएफओ पीयूष कुमार बर्णवाल ने मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मंत्री ने पार्क परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने का संदेश भी दिया।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट