पटना : पटना पुलिस ने बाढ़ अनुमंडल के पंचमहला थाना क्षेत्र में “रुपया डबलिंग” के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 शातिर ठगों को करीब 10 लाख 10 हजार रुपये नकद और एक रेडमी मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि इस गिरोह का नेटवर्क बिहार से लेकर महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और झारखंड तक फैला हुआ था। जानकारी के अनुसार, बाढ़ अनुमंडल के पंचमहला थाना क्षेत्र स्थित रामपुर डुमरा में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्ण के नेतृत्व में पुलिस पिछले 15 दिनों से इस गिरोह की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 लाख 10 हजार रुपये नकद बरामद किए तथा पांचों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लोगों को पैसे दोगुना करने का लालच देकर अपने जाल में फंसाता था। शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए कुछ रकम वापस भी करता था, ताकि लोग बड़ी रकम लगाने के लिए तैयार हो जाएं। इसके बाद जब पीड़ित बड़ी रकम लेकर आता था, तो गिरोह के कुछ सदस्य पुलिस की वर्दी पहनकर रास्ते में उसे रोक लेते थे और फर्जी पुलिसकर्मी बनकर जेल भेजने का भय दिखाते हुए उससे पूरी रकम लूट लेते थे।
एसडीपीओ रामकृष्ण ने बताया कि गिरफ्तार पांच आरोपियों में से चार एक ही परिवार के सदस्य हैं। ये सभी मिलकर ठगी की योजना बनाते और उसे अंजाम देते थे, जबकि पांचवां आरोपी एजेंट के रूप में काम करता था। उसका काम नए लोगों को लालच देकर गिरोह तक पहुंचाना था। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह का नेटवर्क केवल बिहार तक सीमित नहीं था, बल्कि महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और झारखंड समेत कई राज्यों में फैला हुआ था। पुलिस अब अन्य राज्यों की पुलिस से संपर्क कर गिरोह के बाकी सदस्यों और ठिकानों की जानकारी जुटाने में लगी है।
एसडीपीओ रामकृष्ण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि “रातों-रात पैसा दोगुना करने” जैसे किसी भी लालच में न आएं और ऐसे संदिग्ध लोगों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि ऐसे गिरोह लोगों की मेहनत की कमाई हड़पने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाते हैं। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अब तक इस गिरोह ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके के अन्य अपराधियों और ठगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट