बिहार में साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क को तोड़ने के लिए राजधानी पटना के कई ठिकानों पर आज बुधवार सुबह STF, साइबर पुलिस और लोकल थानों की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पटना STF और स्थानीय पुलिस के साथ साइबर पुलिस की टीमें अलग-अलग इलाकों में पहुंचीं और अपार्टमेंटों में तलाशी अभियान शुरू किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से संबंधित इलाकों में हलचल मच गई। अलग-अगल टीमें राजा बाजार, बोरिंग रोड और पत्रकार नगर स्थित अपार्टमेंटों में जांच कर रही हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस अभियान में करीब 30 से 32 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। तलाशी के दौरान कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिलने की सूचना है।
राजा बाजार और बोरिंग रोड में जांच
छापेमारी का पहला ठिकाना राजा बाजार की मछली गली स्थित सुशीला रेजिडेंसी अपार्टमेंट है। यहां STF और स्थानीय पुलिस की टीम संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। दूसरी टीम बोरिंग रोड की मोंटेसरी गली स्थित मेरिडियन अपार्टमेंट में तलाशी अभियान चला रही है। पुलिस की जांच का उद्देश्य साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क और उसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाना है। तीसरी कार्रवाई पत्रकार नगर स्थित साईं कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट में की जा रही है। यहां STF, स्थानीय पुलिस और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम जांच में जुटी है। वहीं पाटलिपुत्र गोलंबर के पास एक अन्य ठिकाने पर STF की टीम ने छापेमारी की। यह कार्रवाई डॉक्टर निगम प्रकाश के बगल में स्थित एक ठिकाने पर की जा रही है। छापेमारी के दौरान STF की टीम मौके पर मौजूद है और जांच-पड़ताल में जुटी है।
दस्तावेज मिलने की सूचना, पुष्टि बाकी
बुधवार को हुई कार्रवाई में कई अहम दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि तलाशी के दौरान कौन-कौन से सामान या दस्तावेज बरामद किए गए हैं। हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका और साइबर ठगी के नेटवर्क से उनके संबंधों की भी जांच की जा रही है। तीनों स्थानों पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद बरामदगी, संदिग्धों की भूमिका और संभावित गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आएगी। तीनों ठिकानों पर पुलिस के 30 से अधिक जवान तैनात हैं और छापेमारी में SDPO रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं। अब तक की कार्रवाई में करीब 30 से 32 लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है।