नवादा : जिले के रोह थाना क्षेत्र के गोरिहारी और भंडाजोर गांव के बीच बुधवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। धान काटने के लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक पक्ष के लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गयी, जबकि दो महिलाओं समेत पांच लोग जख्मी हो गये। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान बूंदी यादव के पुत्र कमलेश यादव के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में बूंदी यादव की पत्नी जयमंती देवी, पुत्र अखिलेश यादव, सत्येंद्र यादव और पिंकी कुमारी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कमलेश यादव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घायल पक्ष के लोगों के अनुसार, वे वर्ष 2021 से ही विवादित जमीन पर अपना दावा कर रहे हैं और उस पर खेती भी करते आ रहे हैं। परिवार के सभी सदस्य खेत में धान की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान भंडाजोर गांव से 15 से 20 की संख्या में लोग पहुंचे और धान काटने का विरोध करने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गयी।
आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से पूरे परिवार पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गयी. मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस इलाके में सघन छापेमारी कर रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट