नवादा : कोलकाता के हावड़ा टाउन हॉल में आयोजित होने वाले मगही स्वाभिमान महोत्सव में देशभर के मगही प्रेमी जुटेंगे। इसकी जानकारी मगही मगध नागरिक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पारस सिंह ने जिला इकाई की बैठक में दी। उन्होंने कहा कि महोत्सव का संकल्प है कि मगही महज बोली नहीं, बल्कि मगध की आत्मा और स्वाभिमान है। इसे संविधान की आठवीं अनुसूची में स्थान मिलना चाहिए।

राष्ट्रीय अध्यक्ष पारस सिंह ने बताया कि मगही दुनिया की सबसे प्राचीन भाषाओं में से एक है। महोत्सव में मगही लोकगीत और मगही नाटक ‘राधिया उरल आकाश’ की प्रस्तुति होगी। इसके साथ ही चयनित प्रतिभाओं को मगही शिखर सम्मान से सम्मानित किया जायेगा।
मगही मगध नागरिक संघ के जिलाध्यक्ष गौतम कुमार सरगम ने मगही भाषी भाई-बहनों और बुद्धिजीवियों से इस ऐतिहासिक महोत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में जिला उपदेष्टा भागवत प्रसाद, सदस्य रंजन कुमार, विकास कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट

