नवादा : नगर थाना क्षेत्र के एनएच-20 पर हड्डी गोदाम के समीप सड़क किनारे खड़े कंटेनर में अनियंत्रित कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। मृतका की पहचान नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जगाई गांव निवासी शैलेश कुमार संजय की पत्नी अनीता चौधरी के रूप में की गई है।
घायलों में स्वर्गीय विजय चौधरी के पुत्र डॉ. राजीव रंजन, उनकी पत्नी माधुरी चौधरी तथा डॉ. राजीव रंजन की पत्नी स्मृति प्रसाद शामिल हैं। इन लोगों को हल्की छोटे आई है। बताया जाता है कि सभी लोग कार से रांची से बिहारशरीफ जा रहे थे। इसी दौरान नवादा में हड्डी गोदाम के समीप सड़क किनारे खड़े कंटेनर में कार पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनीता चौधरी की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य तीन लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अभिनव धीमान, सदर एसडीपीओ हुलास कुमार और नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। एसपी ने नवादा सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। हादसे के बाद मृतका के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भईया जी की रिपोर्ट