नवादा : श्री जरासंध महाराज की जयंती के अवसर पर जिले के गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र के बनिया बिगहा गांव के समीप सकरी नदी किनारे राज्यस्तरीय विराट दंगल कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बिहार के अलग-अलग जिलों से पहुंचे नामचीन पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती के दांव-पेंच से दर्शकों को रोमांचित किया। मुकाबले देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग जुटे। पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह और जोश का माहौल रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार शामिल हुए। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व श्रम राज्य मंत्री राजबल्लभ प्रसाद और एमएलसी अशोक कुमार मौजूद रहे। आयोजन स्थल पर पहुंचने पर अतिथियों का स्वागत किया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने श्री जरासंध महाराज के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने करीब 40 मिनट तक प्रतियोगिता देखी और पहलवानों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में मुकाबलों को दो वर्गों में आयोजित किया गया था। ए टीम में आठ जोड़ी और बी टीम में 13 जोड़ी पहलवानों ने हिस्सा लिया। दोनों वर्गों में एक से बढ़कर एक मुकाबले देखने को मिला। पहलवानों ने अपने दांव-पेंच और शारीरिक दमखम से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। ए टीम के फाइनल मुकाबले में गिरियक के गोपाल कुमार और काजी कटाय के संतु कुमार आमने-सामने हुए। दोनों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें गोपाल कुमार ने जीत हासिल की। बी टीम के फाइनल में पटना के सन्नी कुमार और बनिया बिगहा के नीतीश कुमार के बीच भिड़ंत हुई। मुकाबले में पटना के सन्नी कुमार विजेता बने।
आयोजन समिति की ओर से विजेता और उपविजेता पहलवानों के लिए नकद पुरस्कार और मेडल की व्यवस्था की गयी थी। ए टीम के विजेता गोपाल कुमार को 21 हजार रुपये और मेडल दिया गया। वहीं उपविजेता संतु कुमार को 11 हजार रुपये और मेडल देकर सम्मानित किया गया। इसी तरह बी टीम के विजेता सन्नी कुमार को 10,100 रुपये नकद और मेडल प्रदान किया गया. उपविजेता नीतीश कुमार को 5,100 रुपये और मेडल देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में शामिल अन्य पहलवानों को भी मेडल और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
राज्यस्तरीय दंगल प्रतियोगिता का आयोजन बनिया बिगहा पंचायत मुखिया प्रतिनिधि पंकज कुमार और बीएसएफ से सेवानिवृत्त समाजसेवी शशिभूषण प्रसाद के संयुक्त प्रयास से कराया गया। आयोजकों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक कुश्ती को बढ़ावा देना और युवा पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना था। आयोजन में स्थानीय लोगों और समिति के सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग किया।
प्रतियोगिता में हजारों दर्शकों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किये गये थे। थानाध्यक्ष विजय कुमार पुलिस बल के साथ आयोजन स्थल पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार शैलेंद्र उपस्थित थे। जरासंध महाराज की जयंती पर आयोजित दंगल ने ग्रामीण क्षेत्र में पारंपरिक कुश्ती के प्रति लोगों का उत्साह दिखाया। रोमांचक मुकाबलों और बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी के बीच प्रतियोगिता संपन्न हुई।
भईया जी की रिपोर्ट