नवादा : नगर में‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम के तहत ‘विकसित भारत युवा संवाद’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद विवेक ठाकुर ने युवाओं से सीधा संवाद किया और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजयुमो जिलाध्यक्ष अजीत शंकर ने की। दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

युवाओं को संबोधित करते हुए सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत और भविष्य की उम्मीद होते हैं। विकसित भारत का सपना युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार से ही साकार होगा। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास और तकनीकी दक्षता को सफलता का आधार बताते हुए युवाओं से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नये आयाम स्थापित कर रहा है। युवाओं को अपनी क्षमता और कौशल का उपयोग राष्ट्रहित में करना चाहिए।
एसआइआर के मुद्दे पर विपक्ष की आलोचना करते हुए सांसद ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल इस प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने और अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का सम्मान जरूरी है। सांसद ने युवाओं से तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर सांसद से सवाल पूछे। सांसद ने उनके सवालों के जवाब देकर जिज्ञासाओं को शांत किया। साथ ही युवाओं को संवैधानिक दायित्वों के प्रति सजग रहने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प दिलाया। संवाद के दौरान युवाओं में खासा उत्साह दिखा। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित युवाओं ने ‘मोदी कहीं नहीं जाएंगे’ के नारे लगाये।

मौके पर भाजपा प्रदेश मंत्री संजय कुमार मुन्ना, रजौली विधायक विमल राजवंशी, जिलाध्यक्ष अनिल मेहता, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद गौरव, रवि गुप्ता, अरविंद गुप्ता, प्रताप रंजन, विजय पांडेय, गौरव शांडिल्य ‘गगन’, नंदकिशोर चौरसिया, तेजस सिन्हा, अजीत यादव, अभिजीत कुमार सिन्हा, सुरेंद्र कुमार चौधरी और भाजपा जिला मीडिया प्रभारी गुलशन कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं युवा उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट

