नवादा : जिले में मगध विश्वविद्यालय का सर्वर पिछले एक सप्ताह से ठप है. इसके कारण वारिसलीगंज के एसएन सिन्हा कॉलेज और महिला महाविद्यालय में स्नातक के अलग-अलग सत्रों के परीक्षा फॉर्म भरने का काम पूरी तरह रुक गया है। छात्र रोजाना कॉलेज पहुंच रहे हैं, लेकिन सर्वर काम नहीं करने के कारण बिना फॉर्म भरे ही उन्हें लौटना पड़ रहा है। दूसरी ओर, दीपावली और छठ की छुट्टियां नजदीक होने से छात्रों की चिंता बढ़ गई है।
विश्वविद्यालय की ओर से चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के सत्र 2025-29 के सेमेस्टर-3 और सत्र 2023-27 के सेमेस्टर-7 का परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि 27 अक्टूबर निर्धारित की गई थी। वहीं, सत्र 2024-28 के विद्यार्थियों का फॉर्म सोमवार से भरा जाना था,लेकिन सर्वर की समस्या के कारण अब तक किसी भी सत्र के विद्यार्थियों का फॉर्म नहीं भरा जा सका है।
वारिसलीगंज के इन दोनों कॉलेजों में सिर्फ स्थानीय विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों के छात्र भी नामांकित हैं। इनमें लखीसराय, जमुई, नालंदा के अलावा जिले के रजौली, सिरदला, मेसकौर और अकबरपुर क्षेत्र के विद्यार्थी शामिल हैं। इनमें से कई छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने के लिए 50 से 100 किलोमीटर तक की दूरी तय कर कॉलेज पहुंचना पड़ रहा है। बावजूद काम नहीं होने से उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। आने-जाने में समय और पैसे दोनों खर्च हो रहे हैं।
कॉलेजों में 7 नवंबर से दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर लंबी छुट्टी होने वाली है। ऐसे में छात्रों को डर है कि छुट्टी से पहले परीक्षा फॉर्म नहीं भरा गया तो आगे परेशानी बढ़ सकती है। छुट्टी के दौरान कॉलेज में कर्मचारी उपलब्ध नहीं रहेंगे, जिससे फॉर्म भरने और जमा करने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार सिंह और एसएन सिन्हा कॉलेज के प्रो. मनीष कुमार ने बताया कि सर्वर की समस्या से विश्वविद्यालय प्रशासन को अवगत करा दिया गया है। छात्रों ने भी विश्वविद्यालय से जल्द सर्वर ठीक कराने और परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है, ताकि किसी भी विद्यार्थी का परीक्षा फॉर्म भरने से छूटने न पाए।
भईया जी की रिपोर्ट
