नवादा : बिहार के सासाराम में आयोजित तृतीय पुरुष स्पीड हैंडबॉल नेशनल चैंपियनशिप में नवादा स्पोर्ट्स एकेडमी (बिहार) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया। कप्तान राहुल सिन्हा के नेतृत्व में टीम ने प्रतियोगिता के दौरान खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की।
प्रतियोगिता में नवादा की टीम ने शानदार शुरुआत की। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में राजस्थान को हराकर टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनायी। इसके बाद सेमीफाइनल में हिमाचल प्रदेश की टीम को शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। लगातार दो मुकाबलों में जीत दर्ज करने के बाद खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा रहा।
फाइनल मुकाबले में नवादा स्पोर्ट्स एकेडमी बिहार की भिड़ंत दिल्ली की टीम से हुई। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। हालांकि, दिल्ली की टीम ने जीत हासिल की और नवादा को उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।
इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी की लहर है। सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर जिले के साथ बिहार का नाम रोशन किया है।टीम में कप्तान राहुल सिन्हा के अलावा रौशन, श्याम, सोनू सार्थक, कनक, अमन, अभिषेक, सूफी, पवन, रजनीश, कृष, अंकज, साहिल, सागर, हिमांशु, अंकित, सूरज एवं सुमेर प्रताप शामिल रहे।
नवादा स्पोर्ट्स एकेडमी की सफलता पर शारीरिक शिक्षक संतोष कुमार वर्मा, रामविलास प्रसाद, शिवकुमार प्रसाद, श्रवण कुमार बरनवाल सहित विभिन्न खेल संगठनों ने खिलाड़ियों और कप्तान राहुल सिन्हा को बधाई दी। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले के अन्य उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
भईया जी की रिपोर्ट