नवादा : ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन की नवादा शाखा का त्रैवार्षिक चुनाव मंगलवार को यूनियन कार्यालय परिसर में संपन्न हुआ। चंद्रिका प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित चुनाव में शाखा के सदस्यों और रेलकर्मियों की मौजूदगी में विभिन्न पदों के पदाधिकारियों तथा शाखा परिषद के सदस्यों का चयन किया गया। चुनाव में सभी पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए। खास बात यह रही कि लगातार पांच कार्यकाल तक अध्यक्ष रहने के बाद चंद्रिका प्रसाद छठी बार शाखा अध्यक्ष चुने गये।
चुनाव में चंद्रिका प्रसाद (कार्यालय अधीक्षक, नवादा) को अध्यक्ष, प्रेम रंजन (कनीय अभियंता, विद्युत विभाग, किऊल) को कार्यकारी अध्यक्ष तथा गोपाल चंद्र (स्टेशन प्रबंधक, तिलैया) और रवि कुमार (उप स्टेशन प्रबंधक, शेखपुरा) को उपाध्यक्ष चुना गया। वहीं, एसके सुमन (स्टेशन प्रबंधक, वारिसलीगंज) को शाखा सचिव और राजेश कुमार सिंह (यातायात निरीक्षक, केजी मंडल) को संयुक्त सचिव बनाया गया। सहायक सचिव के रूप में आरके वर्मा, गोपाल चंद्र, राजेश कुमार, आयुष कुमार और प्रदीप कुमार निर्वाचित हुए।
संगठन सचिव की जिम्मेदारी दिनेश कुमार, हिम्मत कुमार, कृष्ण प्रसाद और सतवंत कुमार को सौंपी गयी। दयानंद कुमार को कोषाध्यक्ष चुना गया। शाखा परिषद के लिए राहुल कुमार, देवनंदन कुमार, गुड्डू कुमार, राजेश कुमार, रंजीत कुमार दास, आरती सक्सेना और पुनीत कुमार निर्वाचित घोषित किये गये। चुनाव संपन्न होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी गयी। मौके पर पूर्व सचिव भगीरथ प्रसाद, शाखा के वरीय पदाधिकारी, रेलकर्मी और यूनियन के सदस्य मौजूद रहे।
भईया जी की रिपोर्ट