नवादा : जिले के वारिसलीगंज वासियों के लिए अच्छी खबर है। बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने वारिसलीगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में अपग्रेड कर दिया है। अब यह 30 शय्या वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में संचालित होगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्य के 135 पीएचसी को सीएचसी में अपग्रेड किया गया है, जिनमें वारिसलीगंज का नाम भी शामिल है। विभाग के अनुसार, इन सभी केंद्रों के नये भवन बनकर तैयार हो चुके हैं।

अब तक वारिसलीगंज पीएचसी में छह बेड की सुविधा उपलब्ध थी। अपग्रेड होने के बाद यहां 30 बेड की व्यवस्था होगी। मरीजों के लिए अलग-अलग वार्ड, लैब और ऑपरेशन थियेटर की सुविधाओं का विस्तार किया जायेगा। सात निश्चय-3 के तहत इसे स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने की योजना है। नये स्वीकृत पदों के तहत वारिसलीगंज सीएचसी में हड्डी रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ और दंत रोग विशेषज्ञ की तैनाती होगी इसके अलावा डेंटल हाइजीनिस्ट और ड्रेसर के पद भी स्वीकृत किये गये हैं। कुल 24 श्रेणियों में 47 नये पद सृजित किये गये हैं।
फिलहाल पीएचसी में स्थायी रूप से केवल दो डॉक्टर कार्यरत हैं। अपग्रेड होने के बाद यहां विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आरती अर्चना ने बताया कि सीएचसी में अपग्रेड होने से वारिसलीगंज सहित आसपास के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। मरीजों को इलाज के लिए नवादा या पटना जाने की जरूरत कम होगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों और बढ़ी हुई सुविधाओं के साथ कई तरह की चिकित्सा सेवाएं अब वारिसलीगंज में ही उपलब्ध हो सकेंगी।
भईया जी की रिपोर्ट

