– मौसम कुमारी ने विधायक विमल राजवंशी को सौंपा अभ्यावेदन, किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम लागू करने की उठाई आवाज
नवादा : जिले के रजौली प्रखंड के सरकारी विद्यालयों में छात्राओं के लिए स्वच्छ शौचालय, मुफ्त सेनेटरी पैड और किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम लागू करने की मांग उठी है। सामाजिक कार्यकर्ता मौसम कुमारी ने इस संबंध में विधायक विमल राजवंशी को अभ्यावेदन सौंपकर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
अभ्यावेदन में उन्होंने विद्यालयों में छात्राओं को मुफ्त सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने के साथ उसके सुरक्षित निपटान की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा शिक्षकों को किशोर स्वास्थ्य एवं मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति प्रशिक्षित करने तथा प्रत्येक बुधवार को स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित करने का सुझाव दिया।
मौसम कुमारी ने अपने आवेदन में सुप्रीम कोर्ट के 30 जनवरी 2026 के फैसले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बुनियादी स्वच्छता सुविधाएं और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता उपलब्ध होने से छात्राओं को काफी लाभ मिलेगा। विधायक विमल राजवंशी ने इस मामले में तेजी लाने का आश्वासन दिया। साथ ही प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के साथ बैठक निर्धारित की, ताकि मांगों पर चर्चा कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाने की दिशा में पहल की जा सके।
भईया जी की रिपोर्ट