नवादा : जिला परिषद कार्यालय सभागार में जिला पदाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी श्री रवि प्रकाश ने दीप प्रज्ज्वलित कर जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या परिगणना) के अंतर्गत सभी जिलास्तरीय एवं चार्ज स्तरीय पदाधिकारियों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया ।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के कार्यों के संबंध में उपस्थित सभी चार्ज पदाधिकारियों को विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके सफल क्रियान्वयन में सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अतः सभी पदाधिकारी पूरी गंभीरता, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि आगामी जनगणना के द्वितीय चरण का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाए। जनसंख्या परिगणना के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि कोई भी घर अथवा व्यक्ति गणना से छूटने न पाए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उक्त दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जनगणना निदेशालय से आए मास्टर प्रशिक्षक श्री संजीव पाठक एवं श्री उत्कर्ष कुमार द्वारा उपस्थित जिलास्तरीय एवं चार्ज स्तरीय पदाधिकारियों को जनगणना के द्वितीय चरण से संबंधित विभिन्न कार्यों एवं प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से पदाधिकारियों को जनगणना कार्य के सफल संचालन एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य संपादन की जानकारी दी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 30 एवं 31 अक्टूबर 2026 को जिला परिषद कार्यालय सभागार में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के कार्यों के सुचारु, समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान करना है।इस अवसर पर गोपनीय शाखा प्रभारी, निदेशक डीआरडीए, संबंधित जिलास्तरीय एवं चार्ज स्तरीय पदाधिकारी तथा अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट

