नवादा : जिले के पकरीबरावां प्रखंड अंतर्गत बुधनबीघा गांव में शराब के खिलाफ छापेमारी करने गयी पुलिस टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिस टीम को घेरकर उसके साथ मारपीट की, जिसमें एक महिला कांस्टेबल घायल हो गयी। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मारपीट के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पकरीबरावां थाना में पदस्थापित एसआइ राजकुमार पुलिस बल के साथ बुधनबीघा गांव में शराब की छापेमारी करने पहुंचे थे। कार्रवाई में पुलिस टीम के कथित शराब कारोबारी के घर पहुंचते ही वो वहां से भागकर दूसरे के घर में घुस गया। इसके बाद पुलिस तलाश में दूसरे घर पहुंची, तो विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने के बाद कुछ लोगों ने ट्रैक्टर और टोटो लगाकर रास्ता जाम कर के पुलिस टीम को घेर लिया और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गयी।
घटना में एक महिला कांस्टेबल घायल हो गयी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पुलिस टीम को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिसके बाद पुलिस ने मारपीट के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस संबंध में पकरीबरावां थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने बताया कि शराब छापेमारी के दौरान पुलिस टीम के साथ मारपीट की घटना हुई थी। चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
भईया जी की रिपोर्ट