नवादा : बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” का उद्देश्य आम नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाना है। इसी उद्देश्य से सरकारी कार्यालयों में आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जनसुनवाई आयोजित करने की व्यवस्था की गई है।

इसी क्रम में जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश के निर्देश के आलोक में अपर समाहर्ता श्री मनोज कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। इस दौरान कुल 23 परिवाद प्राप्त हुए।
जनसुनवाई के दौरान थाना वारिसलीगंज अंतर्गत ग्राम वल्लोपुर निवासी अखिलेश कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना, थाना नेमदारगंज अंतर्गत ग्राम बरेव निवासी कमला देवी ने वृद्धावस्था पेंशन तथा थाना वारिसलीगंज अंतर्गत ग्राम बहेरा निवासी देवी कुमारी शर्मा एवं थाना सीतामढ़ी अंतर्गत ग्राम देवरा निवासी संजय यादव ने भूमि विवाद से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से अपर समाहर्ता को अवगत कराया।
अपर समाहर्ता ने सभी परिवादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जनसुनवाई के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के पास अग्रसारित किया गया। अपर समाहर्ता ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी परिवादों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही, परिवादियों को उनके मामलों में की गई कार्रवाई से अवगत कराने का निर्देश दिया।

भईया जी की रिपोर्ट
