नवादा : जिले के वारिसलीगंज में पुलिस ने लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने के आरोप में एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान माफी गांव निवासी दिनेश कुमार महतो के 18 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नारोमुरार गांव स्थित पुल के पास छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने बताया कि आरोपित धनी फाइनेंस, बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस समेत अन्य कंपनियों के नाम पर लोगों को फोन कर कम ब्याज पर लोन दिलाने का झांसा देता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपित लोगों के मोबाइल नंबर कस्टमर डाटा और फेसबुक से जुटाता था। लोगों का विश्वास जीतने के लिए वह कभी खुद को बैंक मैनेजर, तो कभी फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताता था। इसके बाद लोन दिलाने की प्रक्रिया के नाम पर प्रोसेसिंग फीस मांगता था। आरोप है कि वह लोगों से आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, फोटो और ई-मेल आईडी जैसी जानकारी लेकर रुपये ऐंठता था।
इस मामले में वारिसलीगंज थाना में कांड संख्या 719/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66, 66बी, 66सी व 66डी के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी, पुलिस अवर निरीक्षक कुमारी शशिकला सिन्हा, प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार राय समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
भईया जी की रिपोर्ट

