नवादा : ट्रेनों में यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने और उनका सामान लेकर फरार होने वाले गिरोह के एक सदस्य को गया में आरपीएफ के जवानों ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र के बकरा गांव निवासी स्व. जोगीजी के पुत्र रमेश कुमार (55) के रूप में हुई है। उसके पास से छह मोबाइल फोन, नशीली दवा, नशीला पदार्थ जैसा पाउडर समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।

नवादा आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने दस दिनों के अंदर छह घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। आरपीएफ के मुताबिक, 25 सितंबर, 30 सितंबर और चार अक्टूबर को गया स्टेशन पर यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाने के बाद उन्हें नवादा और वारिसलीगंज में उतारा गया। ये सभी यात्री नवादा जिले के रहने वाले थे। चार अक्तूबर को लखीसराय जिले के एक यात्री को पटना में नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने के बाद मोकामा में उतारने की बात सामने आयी है।
आरपीएफ के अनुसार, पांच-छह अक्तूबर की रात किउल और लखीसराय स्टेशन के बीच भी दो यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाया गया। इनमें एक यात्री जमुई और दूसरा शेखपुरा जिले का रहने वाला था। दोनों को गया में उतारे जाने की बात कही गयी है। आरोप है कि यात्रियों को निशाना बनाने के बाद आरोपित उनके सामान लेकर फरार हो जाता था। आरपीएफ मामले की जांच कर रही है।
तलाशी के दौरान आरोपित के पास से वीवो, ओप्पो, पोको, टेक्नोस्पार्क और इनफिनिक्स समेत छह मोबाइल फोन बरामद किये गये। इसके अलावा Ativan 2mg की चार स्ट्रिप में 120 टैबलेट, नशीला पदार्थ जैसा पाउडर, दो लोहे के थ्रेड कटर, पत्थर, दुर्गा माता का लॉकेट, एसबीआई डेबिट कार्ड और गया-तिलैया का रेलवे टिकट मिला है। आरपीएफ बरामद सामान और आरोपित से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

भईया जी की रिपोर्ट
