नवादा : जिले के रजौली अनुमंडल मुख्यालय धनार्जय नदी पुराने पुल के समीप मोबाइल चोरी और छीनाझपटी के विवाद में एक युवक को चाकू घोंपकर घायल कर दिया गया। घटना की मुख्य वजह चोरी का मोबाइल लौटाने के नाम पर अवैध रकम मांगने का आरोप बताया जा रहा है। घायल युवक की पहचान सतीस्थान निवासी डोमी रविदास के पुत्र अवधेश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी सूरज कुमार मौके से फरार हो गया।

मोबाइल लौटाने के बदले रकम मांगने का आरोप
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गुलशन कुमार का मोबाइल लाइब्रेरी से पढ़कर आने के दौरान रास्ते में छीन लिया गया था। आरोपी सूरज कुमार पर मोबाइल वापस करने के बदले खर्चा-पानी के नाम पर अवैध रकम मांगने का आरोप है। मोबाइल वापस लेने के लिए गुलशन कुमार अपने दो साथियों अवधेश कुमार और इंद्रजीत कुमार के साथ धनार्जय नदी के पुराने पुल के पास सूरज कुमार से बात करने पहुंचे थे।
बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में हुई हाथापाई
बताया गया कि मोबाइल को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गयी। देखते ही देखते मामला हाथापाई और छीनाझपटी तक पहुंच गया। इसी दौरान सूरज कुमार ने कथित तौर पर जेब से धारदार चाकू निकालकर अवधेश कुमार की पसलियों में घोंप दिया। चाकू लगने से अवधेश कुमार गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा ।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और आरोपी फरार हो गया।
अस्पताल में कराया गया प्राथमिक उपचार
घटना के बाद घायल अवधेश कुमार को उनके साथी तत्काल रजौली अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सतीश चंद्र सिन्हा ने उनका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक के अनुसार अत्यधिक खून बहने के बावजूद समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से फिलहाल घायल युवक खतरे से बाहर है। अस्पताल में उसकी निगरानी की जा रही है।

प्राथमिकी दर्ज, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
घटना की सूचना मिलने पर सब-इंस्पेक्टर सचिन कुमार और पीटीसी उपेंद्र कुमार अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घायल और उसके साथियों से घटना की जानकारी ली तथा आवेदन देने को कहा। थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। आरोपी सूरज कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
भईया जी की रिपोर्ट

