नवादा : जिले के रजौली अंचल अधिकारी के काले कारनामे के विरुद्ध ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। पीड़ितों ने शिकायत की प्रतिलिपि आयुक्त मगध प्रमंडल, गया, प्रधान सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, पटना तथा राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री को भी भेजी है। इसके साथ ही ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने तुरंत उचित कार्रवाई नहीं की, तो आम जनता का कानून और व्यवस्था पर से विश्वास पूरी तरह उठ जाएगा।

रजौली के अंचलाधिकारी पर आम लोगों और किसानों को परेशान करने, रिश्वत मांगने तथा भू-माफियाओं को फायदा पहुंचाने के आरोप लगाते हुए पीड़ित ग्रामीणों एवं किसानों ने समाहर्ता को ज्ञापन सौंपकर सीओ के खिलाफ कड़े कानूनी कदम उठाने और उन्हें पद से हटाने की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी को सौंपे गए सामूहिक आवेदन में कहा गया है कि रजौली सीओ जान-बूझकर जमीन से जुड़े विवादों को सुलझाने के बजाय उन्हें उलझाते हैं ताकि लोगों से अवैध वसूली की जा सके। आवेदन में दावा किया गया है कि सीओ के नाम पर पैसों का लेन-देन उनका एक निजी मुंशी करता है। आरोप लगाया है कि भू-माफियाओं से साठगांठ करके अंचल कार्यालय के सरकारी रिकॉर्ड रूम से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज तक गायब करवा दिए गए हैं।
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि सिविल कोर्ट में मामला लंबित होने के बावजूद फर्जी तरीके से दाखिल-खारिज कर दिया गया। डीएम को शिकायती आवेदन देने आए ग्रामीणों में शामिल हरदिया सेक्टर- डी, ग्राम कुंभियातरी की निवासी सुनीता देवी ने आरोप लगाया है कि रजौली अंचल कार्यालय की लापरवाही और रिश्वतखोरी के कारण वे दर-दर भटकने को मजबूर हैं।

भईया जी की रिपोर्ट
