नवादा : लम्बी इंतजार के बाद शहर की तस्वीर बदलने वाली परियोजनाओं में अब एक और नाम जुड़ने जा रहा है। बुधौल में करीब दो एकड़ जमीन पर लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से संजीवनी वाटिका पार्क तैयार किया जा रहा है। वन एवं पर्यावरण विभाग की ओर से बनाये जा रहे पार्क का काम तेजी से अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा तो अक्टूबर में इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जायेगा। पार्क तैयार होने के बाद शहरवासियों को एक ऐसी जगह मिलेगी, जहां लोग हरियाली के बीच सैर कर सकेंगे। योग और व्यायाम कर सकेंगे और परिवार के साथ कुछ समय व्यतीत कर सकेंगे। खास बात यह कि पार्क में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की जरूरतों को ध्यान में रखकर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

संजीवनी वाटिका को सामान्य पार्क से अलग बनाने के लिए यहां कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। पार्क में साफ-सुथरे सार्वजनिक टॉयलेट, बच्चों के लिए झूले और खेलकूद के उपकरण, आकर्षक कैफे एरिया और छोटा पुल बनाया जा रहा है। पार्क का एक खास हिस्सा योगा पोडियम होगा। इसके तैयार होने के बाद सुबह और शाम योगाभ्यास करने वाले लोगों को इसके लिए एक निर्धारित स्थान मिल सकेगा। बच्चों के लिए खेलकूद की व्यवस्था के साथ बुजुर्गों के लिए भी पार्क में सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
वन पर्यावरण पदाधिकारी श्रेष्ठ कृष्ण ने बताया कि पार्क का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है। अक्टूबर महीने में इसका उद्घाटन कर इसे आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि पार्क को शहरवासियों की जरूरत और सुविधा को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। यहां बच्चों और बुजुर्गों के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। संजीवनी वाटिका के शुरू होने के बाद पार्क में आने वाले लोगों से प्रवेश शुल्क लिये जाने की योजना है। हालांकि, यह शुल्क कितना होगा, फिलहाल इसका निर्धारण नहीं किया गया है। विभाग की ओर से शुल्क तय किये जाने के बाद इसकी जानकारी सार्वजनिक की जायेगी।
वन विभाग की ओर से नगर के मंगरबिगहा में भी एक और पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर में लोगों को हरियाली और मनोरंजन के लिए नये स्थान मिलेंगे। पार्कों के तैयार होने से लोगों को सुबह-शाम टहलने, योग और व्यायाम करने के साथ परिवार के साथ समय बिताने का विकल्प मिलेगा। इससे शहर में हरियाली और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

संजीवनी वाटिका के निर्माण को लेकर शहरवासियों में उत्साह है। पार्क में बच्चों के लिए झूले और खेलकूद के साधन होने से उनके लिए यह आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है। वहीं, सुबह-शाम टहलने और योग करने वालों को भी यहां सुविधाजनक जगह मिलेगी। हरियाली के बीच बैठने और घूमने की सुविधा बुजुर्गों के लिए उपयोगी होगी, जबकि कैफे एरिया युवाओं और परिवारों को आकर्षित कर सकता है। अक्टूबर में पार्क के आम लोगों के लिए खुलने के बाद नगर को एक नया सार्वजनिक स्थल मिलने की उम्मीद है।
भईया जी की रिपोर्ट

