नवादा : पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह ने स्नातक मतदाताओं, युवाओं, विद्यार्थियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों के साथ जनसंवाद अभियान तेज कर दिया है। नवादा समेत विभिन्न स्थानों पर आयोजित संवाद कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्नातक युवाओं के साथ बीएड एवं बीएससी के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान शिक्षा, रोजगार, बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। जनसंवाद के दौरान डॉ. अनुज सिंह ने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र केवल चुनाव का क्षेत्र नहीं, बल्कि शिक्षित युवाओं और स्नातक समाज की आकांक्षाओं को सामने रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि स्नातकों की समस्याओं को मजबूती से उठाकर उनकी आवाज विधान परिषद तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। शिक्षा और रोजगार से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने की बात भी उन्होंने कही। डॉ. सिंह ने अपने एजेंडे में स्नातक युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, बेरोजगारी भत्ते की मांग को उठाने, विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और अलग पुस्तकालय की व्यवस्था जैसे मुद्दों को शामिल बताया। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए नि:शुल्क कोचिंग की व्यवस्था तथा शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े विषयों को प्राथमिकता से उठाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के लिए जरूरी है कि वह लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुने और सुझावों को समझे। इसी उद्देश्य से पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नवादा और नालंदा में भी समर्थकों एवं प्रबुद्ध नागरिकों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति और मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने पर चर्चा की गई। डॉ. अनुज सिंह 1 अक्टूबर को पटना में नामांकन दाखिल करेंगे। उन्होंने स्नातक मतदाताओं, युवाओं, समर्थकों एवं शुभचिंतकों से नामांकन कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। आगामी दिनों में उनका जनसंवाद अभियान और व्यापक होने की संभावना है।
भईया जी की रिपोर्ट
