नवादा : जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर बैठकें तो हो रही हैं, लेकिन पिछले महीने लिए गए कई फैसले अब तक अधूरे पड़े हैं। अगस्त में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिक दुर्घटना वाले स्थानों को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित कर वहां विशेष सुरक्षा उपाय करने का निर्णय लिया गया था बावजूद चिन्हित स्थानों पर सुरक्षा मानकों को पूरा करने की कार्रवाई अभी तक पूरी नहीं हो सकी है।

जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए किये जा रहे प्रयास फिलहाल पर्याप्त नजर नहीं आ रहे हैं। सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर नियंत्रण जैसे मुद्दों पर बैठकों में चर्चा होती रही है, लेकिन धरातल पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आ रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार अगस्त और सितंबर महीने में जिले में करीब 50 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं इनमें 22 से अधिक लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की जानकारी है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए चिन्हित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को जल्द पूरा करने की जरूरत बतायी जा रही है।
नेशनल हाइवे-20 के दोनों किनारों पर किये गये अतिक्रमण को हटाकर साइड रोड के निर्माण के लिए जगह तैयार की गयी है। इससे कुछ स्थानों पर यातायात व्यवस्था में सुधार और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। हालांकि सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य जरूरी कार्य अभी भी पूरे नहीं हुए हैं। चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, संकेतक बोर्ड और स्ट्रीट लाइट लगाने की कार्रवाई अब तक पूरी नहीं हो पायी है। सुरक्षा उपायों के अभाव में वाहन चालकों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के बारे में पर्याप्त चेतावनी नहीं मिल पा रही है। खासकर रात के समय स्ट्रीट लाइट और स्पष्ट संकेतक बोर्ड की कमी परेशानी बढ़ा रही है।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में जिले में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़े प्रस्तुत किये जाते हैं। सामूहिक दुर्घटनाओं और अधिक दुर्घटना वाले क्षेत्रों को ब्लैक स्पॉट या दुर्घटना संभावित क्षेत्र के रूप में चिन्हित कर वहां सड़क सुरक्षा के जरूरी उपाय प्राथमिकता के आधार पर लागू करने का निर्देश दिया जाता रहा है। जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है।

उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का सही तरीके से पालन करें। जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए केवल बैठक और निर्देश पर्याप्त नहीं होंगे। ब्लैक स्पॉट पर रंबल स्ट्रिप, संकेतक बोर्ड, स्ट्रीट लाइट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपायों को समय पर पूरा करना अहम होगा। साथ ही अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण तथा यातायात नियमों के पालन से भी सड़क सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिल सकती है।
भईया जी की रिपोर्ट

