बेगूसराय से एक दिल को दहला देने वाला वीडियो वायरल हुआ है। यहां होटल के एक कमरे में एक युवती को पहले तो बुरी तरह पीटा गया, फिर उसके बाद चाकू की नोंक पर उसके साथ दरिंदगी की गई। इतना ही नहीं, इस सनसनीखेज वाकये का आरोपी ने बकायदा वीडियो भी बनाया और फिर उसे वायरल कर दिया। फिलहाल पुलिस ने इस संबंध में एक केस दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। यह वीडियो बेगूसराय के एक होटल का बताया जाता है और घटना 27 सितंबर की कही जा रही है। हद तो यह है कि इस विभत्स कांड को अंजाम देने के दौरान हवसी युवक ने खुद ही इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और फिर उसे वायरल कर दिया।

स्वयं सहायता ग्रुप से जुड़ी है युवती
दिल को झकझोर कर देने वाले वीडियों में साफ देखा जा सकता है कि एक हवसी युवक होटल के रूम में युवती के साथ पिटाई और दरिंदगी कर रहा है। जबकि युवती उससे बख्श देने की गुहार लगाती रो रही है। जानकारी के अनुसार स्वयं सहायता समूह से जुड़ी एक महिला 27 सितंबर को अपने घर से किसी काम के लिए बाहर निकली थी। इसी दौरान पीड़िता के ही एक जान-पहचान वाले युवक ने उसे बहला-फुसलाकर अपनी बाइक पर बैठाया और नगर थाना क्षेत्र में NH के किनारे स्थित ‘होटल ब्लू डायमंड’ ले गया। वहां उसने महिला को अपने साथी और भगवानपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले रोहित कुमार के हवाले कर दिया। इसके बाद आरोपी रोहित महिला को जबरन होटल के एक कमरे में ले गया और अंदर से कुंडी बंद कर ली।
आरोपी की हुई पहचान, छापेमारी शुरू
कमरा बंद होते ही आरोपी का खौफनाक चेहरा सामने आया। पीड़िता ने बताया कि रोहित ने कमरे के टेबल पर अपना मोबाइल फोन सेट कर दिया और महिला के साथ दरिंदगी का वीडियो बनाने लगा। वायरल वीडियो में आरोपी, महिला को जूते-चप्पलों, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटता दिखाई दे रहा है। वीडियो में यह भी दिखा कि वो महिला के बाल पकड़कर घसीट रहा है और गंदी-गंदी गालियां दे रहा है। इस दौरान पीड़ित महिला गिड़गिड़ाती रही, हाथ जोड़कर छोड़ देने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपी पर कोई असर नहीं हुआ। बेरहमी से पिटाई करने के बाद उसने चाकू की नोक पर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। हैरानी की बात यह रही कि घंटों चली इस हैवानियत के दौरान होटल स्टाफ या सुरक्षा कर्मियों ने कोई सुध नहीं ली। घंटों चले इस खौफनाक मंजर के बीच पीड़िता ने सूझबूझ दिखाई और बाथरूम जाने के बहाने खुद को अंदर कैद कर लिया जहां से उसने अपने मोबाइल के जरिए परिजनों को आपबीती सुनाई और लोकेशन शेयर की।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह महिला को बाहर निकाला. हालांकि, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। इसके बाद आरोपी ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे पूरे बेगूसराय शहर में हड़कंप मच गया। अगले दिन 28 सितंबर की देर शाम पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर नगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। नगर थाना पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी रोहित कुमार की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

