नवादा : जिले की गोविंदपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच अभियान चलाकर शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से 24 बोतल बीयर और विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब के साथ दोपहिया वाहन जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ शराब अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।

एसआई विश्वनाथ राम ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि झारखंड की ओर से बाइक पर शराब लेकर दो व्यक्ति बिहार की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष विजय कुमार के निर्देश पर थाना गेट के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रहे एक दोपहिया वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। वाहन तलाशी के दौरान पुलिस को 500 एमएल की 12 बोतल बीयर और 375 एमएल की 12 बोतल विदेशी शराब मिली। पुलिस ने कुल 24 बोतल शराब बरामद कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर शराब और दोपहिया वाहन को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान थाली थाना क्षेत्र के पहरैठा निवासी दरोगी चौधरी के पुत्र रोशन कुमार और नगर थाना नवादा क्षेत्र के शिवनगर निवासी संजय रविदास के पुत्र प्रकाश कुमार के रूप में हुई है। एसआई विश्वनाथ राम ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ शराब अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। शराब, वाहन समेत दोनों आरोपी को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
भईया जी की रिपोर्ट

