नवादा : आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गयी हैं। इसी क्रम में जन सुराज के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह ने जिले के सभी प्रखंडों एवं नगर क्षेत्र की बूथ कमेटियों के सदस्यों के साथ न्यू एरिया स्थित सभागार में बैठक कर जनसंवाद किया। बैठक में संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने, स्नातक मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने तथा क्षेत्र की समस्याओं एवं अपेक्षाओं को समझने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में जिले के 14 प्रखंडों की बूथ कमेटियों के साथ-साथ शहर की तीन बूथ कमेटियों के करीब 500 सदस्य शामिल हुए। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर अपने विचार एवं सुझाव साझा किये। संवाद के दौरान क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षणिक एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दे भी सामने आये। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में नवादा के साथ पटना और नालंदा जिले शामिल हैं। 24 सितंबर को जन सुराज ने डॉ. अनुज सिंह को इस सीट से अपना समर्थित उम्मीदवार घोषित किया है।
डॉ. अनुज सिंह ने कहा कि यह चुनाव केवल किसी एक व्यक्ति का चुनाव नहीं है, बल्कि स्नातक समाज की आवाज को मजबूती से सामने रखने का अवसर है। हमारा प्रयास रहेगा कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्येक स्नातक तक पहुंचकर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को समझा जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में स्नातक साथियों के लिए नि:शुल्क प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग की व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार, युवाओं के अवसर और स्नातक समाज से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने की आवश्यकता है।
डॉ. अनुज सिंह ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से होती है। प्रत्येक बूथ के प्रत्येक वोटर तक पहुंचकर लोगों से संवाद करना और उनकी बात सुनना हमारी प्राथमिकता है। जनप्रतिनिधित्व का अर्थ केवल चुनाव के समय लोगों के बीच जाना नहीं, बल्कि लगातार जनता के संपर्क में रहकर उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत संपर्क अभियान को गति देने तथा अधिक से अधिक स्नातक मतदाताओं से संवाद स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसंवाद के माध्यम से ही क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं को समझा जा सकता है और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की जा सकती है।
बैठक में शामिल कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं बुद्धिजीवी नागरिकों ने डॉ. अनुज सिंह के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि जिले से शिक्षा एवं स्नातक समाज से जुड़े व्यक्ति के चुनावी मैदान में आने से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उपस्थित सदस्यों ने आगामी चुनाव में पूरी मजबूती के साथ काम करने तथा बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
जनसंवाद में हिसुआ प्रखंड के उपप्रमुख धर्मवीर कुमार, समाजसेवी अनिल कुमार सिंह, जिला जन सुराज अध्यक्ष त्रिवेणी सिंह, पटवासराय सरपंच देवराज पासवान, बलराम सिंह धुमड़ा, अनीश खान, जन सुराज की स्वीटी सिन्हा, पाली पंचायत मुखिया धनंजय कुमार, भदसेनी पूर्व पैक्स अध्यक्ष विक्रम कुमार सिंह, अजय कुमार सरपंच छतिहर, छोटी सिंह मुखिया ओड़ो, गोरेलाल सिंह पंचायत समिति समाय, भगवानपुर पंचायत मुखिया रणजीत चौहान, रामानुज सिंह उप मुखिया बेलर, शंकर सिंह रेवरा मुखिया सहित डॉ. अनुज सिंह के समर्थकों और क्षेत्र के बुद्धिजीवी नागरिकों की सक्रिय भूमिका रही।
भईया जी की रिपोर्ट