नवादा : जिले के गोविंदपुर थाना में पदस्थापित चौकीदार सुरेश प्रसाद का इलाज के दौरान मंगलवार की देर रात निधन हो गया। उनके निधन की खबर से गोविंदपुर थाना परिसर में शोक की लहर दौड़ गयी। शव घर पहुंचने की सूचना पर थाना अध्यक्ष विजय कुमार दलबल के साथ मृतक चौकीदार के घर कमालपुर पहुंचे और उनके परिजनों को ढांढस बंधाया।

थानाध्यक्ष विजय कुमार के नेतृत्व में थाना परिसर में शोक सभा आयोजित की गयी। इस दौरान दिवंगत चौकीदार सुरेश प्रसाद को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। थाना अध्यक्ष विजय कुमार समेत पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने उनके प्रति शोक संवेदना व्यक्त की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि चौकीदार सुरेश प्रसाद का कार्यक्षेत्र हरनारायणपुर और बाराटांड़ गांव था। वे अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन कर रहे थे। उनकी सेवा अवधि में अभी करीब चार वर्ष शेष थी, लेकिन इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
सुरेश प्रसाद के निधन से गोविंदपुर थाना परिवार में गहरा शोक है। थाना कर्मियों ने कहा कि एक कर्तव्यनिष्ठ कर्मी का असमय चले जाना सभी के लिए दुखद है। पुलिसकर्मियों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत सुरेश प्रसाद की आत्मा को शांति मिले और उनके परिजनों को इस कठिन घड़ी में दुख सहने की भगवान शक्ति प्रदान करें। सुरेश प्रसाद के निधन पर राज्य अल्पसंख्यक आयोग सदस्य अफरोजा खातुन ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक के आश्रित को मुआवजा व अनुकंपा पर नौकरी की मांग जिला प्रशासन से की है।
भईया जी की रिपोर्ट

