नवादा : जिले के रोह थाना क्षेत्र के जखौर गांव में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जखौर गांव निवासी बलि चौहान पिता विंदेश्वर चौहान के रूप में हुई है। मृतक अपने पीछे पत्नी रूबी देवी समेत छह बेटियों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को आवेदन दिया है। परिजनों के अनुसार बलि चौहान पिछले सोमवार की सुबह घर से निकले थे। इसके बाद वे वापस घर नहीं लौटे। अगले दिन सुबह उनकी लाश मिलने की सूचना पर परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। शव को संदिग्ध अवस्था में देखकर परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है।
प्रभारी सदर एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि मृतक का शव घटनास्थल पर मुंह के बल गिरा हुआ पाया गया। उसके मुंह से खून आ रहा था। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है। एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल पर रखे शराब के पाउच, ग्लास आदि वस्तुओं को जब्त कर लिया है। हालांकि, मौत का कारण स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल पर एक बाइक खड़ी मिली, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस बाइक और घटनास्थल से मिले अन्य सामानों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक वहां किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसके साथ उस समय कौन-कौन लोग मौजूद थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद रोह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से विभिन्न वस्तुओं और संभावित साक्ष्यों को जब्त कर जांच के लिए सुरक्षित किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को आवेदन दिया है। परिजनों का कहना है कि बलि चौहान सुबह घर से निकले थे और अगले दिन उनका शव मिला। ऐसे में उनकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने कहा कि हत्या समेत मौत से जुड़े सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और पुलिस अनुसंधान के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बलि चौहान की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ-साथ मृतक के संपर्क में रहे लोगों से भी पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रेत्तर की कार्रवाई की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट