-पुलिस को अबतक है आवेदन मिलने का इंतजार
नवादा : जिले के रोह थाना क्षेत्र के मड़़रा काली मंदिर के पीछे संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद मंगलवार को शिक्षक कौशलेन्द्र कुमार का अंतिम संस्कार किया गया। बाहर रहकर पढ़ाई कर रहे उनके बेटे राज मित्तल के लौटने के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गयी।
पिता के अंतिम संस्कार के दौरान बेटे राज मित्तल ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गयी।कौशलेन्द्र कुमार के निधन से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पति के निधन से पत्नी रूबी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है । उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा है। अंतिम संस्कार के दौरान परिजन और ग्रामीण भी काफी भावुक नजर आये।
कौशलेन्द्र कुमार का शव सोमवार की अहले सुबह मड़रा के काली मंदिर के पीछे खेत में मिला था। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच करायी। पुलिस ने एफएसएल और जिला आसूचना इकाई की टीम को बुलाकर घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया था।
प्रभारी सदर एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। घटना को लेकर पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। प्रभारी थानाध्यक्ष शिवनाथ सिंह ने बताया कि संदिग्ध मौत के मामले में अभीतक आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी।
भईया जी की रिपोर्ट