-मवेशी की मौत, चरवाहा गंभीर रूप से जख्मी
नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र के फरका बुजुर्ग पंचायत की मांगोडीह गंगटिया गांव में बारिश के दौरान गिरी आकाशीय बिजली (ठनका) ने जमकर कहर बरपाया। तेज गरज और चमक के साथ गिरे ठनके की चपेट में आने से दुधारू गुजराती नस्ल की भैंस की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि मवेशी चरा रहे पशुपालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से घायल पशुपालक को आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बारिश के दौरान अचानक तेज आवाज के साथ गिरा ठनका
अस्पताल परिसर में मौजूद परिजन उपेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार की देर शाम मिथलेश यादव उर्फ छोटू यादव गांव के बधार में अपनी दो दुधारू भैंसों को चरा रहे थे। इसी बीच अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने का प्रयास कर ही रहे थे कि कानफोड़ू आवाज के साथ आकाशीय बिजली सीधे भैंस पर आ गिरी। करंट के जोरदार झटके से छोटू यादव कई फीट दूर जा गिरे और अचेत हो गए, जबकि पास खड़ी भैंस ने वहीं दम तोड़ दिया।
घायल पशुपालक की हालत खतरे से बाहर: -चिकित्सक
अनुमंडलीय अस्पताल में ऑन-ड्यूटी चिकित्सक डॉ. श्याम नंदन प्रसाद ने बताया कि घायल पशुपालक की पहचान मांगोडीह गंगटिया निवासी बालेश्वर यादव के 42 वर्षीय पुत्र मिथलेश यादव उर्फ छोटू यादव के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आकाशीय बिजली के झटके के कारण उनके शरीर पर गंभीर असर पड़ा है। समय पर अस्पताल लाए जाने से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर और स्थिर बनी हुई है।
परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा था दुधारू भैंस
ग्रामीणों ने बताया कि मृत गुजराती भैंस पीड़ित परिवार की आजीविका और रोजी-रोटी का मुख्य साधन था । रोज दूध बेचकर पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। अचानक हुई इस दैवीय आपदा से गरीब पशुपालक परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन व आपदा प्रबंधन विभाग से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मिलेगा सरकारी मुआवजा: -सीओ
घटना के संबंध में अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी ने बताया कि मांगोडीह गंगटिया गांव में आकाशीय बिजली से मवेशी की मौत और पशुपालक के घायल होने की सूचना मिली है। पशु चिकित्सा पदाधिकारी को मृत भैंस का पोस्टमार्टम करने का निर्देश दिया गया है। सीओ ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने और थाने में सनहा/प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आपदा प्रबंधन विभाग के तय मानकों के अनुरूप पीड़ित पशुपालक को मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट