नवादा : जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के रेबरा जगदीशपुर और लेम्बुआ गांव में नहर के पानी के बंटवारे को लेकर विवाद बढ़ गया। स्थिति ऐसी हो गयी कि पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों गांवों के ग्रामीणों के बीच गाली-गलौज और एक-दूसरे को धमकी देने का मामला सामने आया।

रेबरा गांव के अध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि नहर के पानी का बंटवारा रकबा के अनुसार किया जाता है। आरोप है कि लेम्बुआ गांव के ग्रामीणों ने पिछले 11 दिनों से नहर का सटर बंद कर रखा था। जानकारी शाहपुर थाना प्रभारी आशुतोष कुमार पांडेय को दी गयी। इसके बाद थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों की बात सुनी और समझौता पत्र तैयार कराया।
समझौते के बाद पुलिस की मौजूदगी में नहर का सटर खुलवाया गया। ग्रामीणों के अनुसार, तीन दिन बाद लेम्बुआ गांव के लोगों ने दोबारा सटर बंद कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। पुलिस के समक्ष भी ग्रामीणों के बीच गाली-गलौज और धमकी देने की स्थिति उत्पन्न हो गयी।
अंचल अधिकारी को समस्या के समाधान की जिम्मेदारी
शाहपुर थाना प्रभारी आशुतोष कुमार पांडेय ने बताया कि छुट्टी से लौटने के बाद मामले में समुचित कार्रवाई की जायेगी। शांति व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी पक्ष के खिलाफ नियमानुकूल कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने बताया कि नहर के पानी को लेकर उत्पन्न समस्या के समाधान के लिए अंचल अधिकारी को अवगत कराया गया है।

भईया जी की रिपोर्ट
