नवादा : जिले में अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुये युवक को पीछे से गोली मार दी। युवक नानी घर से प्रसाद पहुंचाकर वापस लौट रहा था, तभी पकरीबरावां-वारिसलीगंज रोड पर बदमाशों ने उसे निशाना बनाया। गोली युवक के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

घायल युवक की पहचान वारिसलीगंज प्रखंड निवासी मुकेश कुमार के रूप में हुई है। गोली लगने से उसके पैर की हड्डी टूट गई और गोली हड्डी में ही फंसी रह गई। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में मुकेश को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक जांच और एक्स-रे के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल के परिजनों ने सदर अस्पताल की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर की। परिवार का आरोप था कि गोली लगने के बाद भी काफी देर तक मरीज को देखने कोई नहीं आया, जिससे उसकी हालत बिगड़ती गई। बाद में डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उसे रेफर कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है।
पकरीबरावां थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और मामले की विस्तार से जांच की जा रही है। पुलिस घायल युवक से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह किस रास्ते से लौट रहा था और वारदात के पीछे क्या वजह थी। परिजनों का कहना है कि मुकेश की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर बदमाशों ने उसे क्यों निशाना बनाया। पुलिस हमलावरों की पहचान और गोलीबारी की वजह का पता लगाने में जुटी है।

भईया जी की रिपोर्ट
