नवादा : समाहरणालय सभाकक्ष में डॉ० संतोष कुमार सुमन, माननीय मंत्री, लघु जल संसाधन विभाग, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री जिला की अध्यक्षता में ‘सेवा संकल्प अभियान’ तथा ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जनभागीदारी के साथ सेवा, समर्पण एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना है।
जिला पदाधिकारी ने पीपीटी के माध्यम से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी माननीय प्रभारी मंत्री के समक्ष प्रस्तुत की। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अंतर्गत 17 सितंबर 2026 को अपराह्न 7 बजे जिले के प्रमुख स्थलों यथा महिला आईटीआई प्रांगण, भगत सिंह चौक, नवादा, विश्व शांति चौक, हिसुआ, शहीद चन्दन सिंह चौक, वारिसलीगंज, शेखोदवरा आश्रम, कौआकोल, सद्भावना चौक, नवादा, प्रजातंत्र चौक, नवादा, केंदुआ बाईपास पार्क, नवादा, रजौली सिरदला बस स्टैंड, नवादा एवं समाहरणालय परिसर, नवादा का चयन किया गया है। इसके साथ-साथ अनुमंडल एवं प्रखंड मुख्यालयों, पंचायत सरकार भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों, विद्यालयों, सामुदायिक भवनों तथा प्रमुख टोला क्षेत्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों जैसे पेंशनर, जीविका दीदी आदि को कार्यक्रम में शामिल करते हुए दीप प्रज्वलन कराया जाएगा तथा उन्हें सेवा संकल्प का सहभागी बनाया जाएगा।
माननीय प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन जिले में व्यापक जनभागीदारी के साथ किया जाए तथा इसमें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कार्यक्रम के लिए चिन्हित सभी स्थलों पर आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा कार्यक्रम को प्रभावी एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने का निर्देश दिया।
‘सेवा चित्र-ड्रॉइंग एवं भाषण प्रतियोगिता’ के अंतर्गत सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में ‘विकसित भारत एवं 25 वर्षों के सेवा कार्य’ विषय पर ड्रॉइंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। माननीय प्रभारी मंत्री ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में इन प्रतियोगिताओं का व्यापक स्तर पर आयोजन सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए।
‘सेवा स्मरण-संगीतमय/नुक्कड़ नाट्य प्रस्तुति’ के अंतर्गत पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों, प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं एवं देश में आए बदलावों की कहानी को एक सरल, भावनात्मक एवं संगीतमय नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। यह कार्यक्रम जिले के स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे। माननीय प्रभारी मंत्री ने जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों का प्रभावी एवं सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के अंतर्गत 25 सितंबर से 07 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें माताओं एवं बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अंतर्गत पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े कर्मियों एवं लाभार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा। माननीय प्रभारी मंत्री ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में माताओं एवं बच्चों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण करें।
‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में विभिन्न सरकारी योजनाओं से आए वास्तविक बदलाव के प्रभावी लाभार्थियों की पहचान कर उनकी प्रेरक कहानियों को सामने लाया जाएगा। माननीय प्रभारी मंत्री ने जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी को निर्देश दिया कि ऐसे लाभार्थियों की पहचान कर उनकी उपलब्धियों एवं जीवन में आए बदलाव पर उच्च गुणवत्ता के वीडियो तैयार किए जाएं तथा उन्हें जिले के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड एवं प्रसारित किया जाए, ताकि सरकारी योजनाओं से हुए सकारात्मक बदलाव की जानकारी आमजन तक पहुंच सके।
‘सेवा ज्योति यात्रा’ के संबंध में जिले में निर्धारित मार्ग के अनुसार पदयात्रा, साइकिल यात्रा एवं बाइक यात्रा आयोजित करने पर चर्चा की गई। इसमें MY Bharat स्वयंसेवकों को जोड़ते हुए यात्रा के समापन स्थल पर जनकल्याणकारी योजनाओं, लाभार्थी संवाद एवं विकसित भारत@2047 संकल्प से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। माननीय प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि यात्रा में युवाओं एवं MY Bharat स्वयंसेवकों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करते हुए इसे जनभागीदारी का प्रभावी माध्यम बनाया जाए।
‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक को समाज सेवा में अपना योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके तहत जिले की स्थानीय आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं के अनुरूप निर्धारित 25 सेवा गतिविधियों में से उपयुक्त गतिविधियों का चयन कर दैनिक कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई। इन गतिविधियों में स्वच्छता शिविर, आध्यात्मिक/धार्मिक भ्रमण, वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता ही सेवा, स्वास्थ्य जांच शिविर, एक गांव-सेवा कार्य, योग एवं ध्यान सत्र, प्लास्टिक-मुक्ति जागरूकता, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, जीविका बढ़ाने की शिक्षा, कैरियर काउंसलिंग सत्र, वरिष्ठ नागरिकों हेतु डिजिटल साक्षरता, आंगन संकल्प अभियान, नशा मुक्ति जागरूकता, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा जागरूकता, जल संरक्षण एवं जल स्रोत सफाई, कन्या पूजन एवं कन्याओं की गतिविधियां, साइबर सुरक्षा जागरूकता, फिट इंडिया खेल सत्र, वीर गाथा एवं सैनिक सम्मान, दिव्यांगजन सहयोग गतिविधि, नवाचार जागरूकता एवं प्रशिक्षण, वंचित गृह/लोकल सहयोग तथा सरकारी योजना जागरूकता शामिल हैं।
माननीय प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत जिले की स्थानीय आवश्यकता एवं प्राथमिकता के अनुरूप सेवा गतिविधियों का चयन किया जाए तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम-से-कम दो ऐसे स्थान चिन्हित किए जाएं, जहां सेवा गतिविधियों के बाद कार्य का स्पष्ट एवं वास्तविक दृश्य परिवर्तन दिखाई दे। उन्होंने सफाई, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य, जल संरक्षण एवं जन-जागरूकता आदि गतिविधियों के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट क्षेत्र एवं लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने तालाबों एवं छठ घाटों की सफाई को प्रमुख सेवा गतिविधि के रूप में शामिल करने का निर्देश दिया।
इसी संदर्भ में जिला पदाधिकारी द्वारा माननीय प्रभारी मंत्री को जानकारी दी गई कि ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत मिर्जापुर एवं शोभिया मंदिर छठ घाट का चयन किया गया है। ‘सेवा सेतु अभियान:—सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत 06 अक्टूबर 2026 को प्रखंड स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की नागरिक-उन्मुख योजनाओं की जानकारी, पात्रता जांच, आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेजी सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी।
माननीय प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि इन शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए तथा आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, पात्रता जांच एवं आवेदन की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाए। शिविरों में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन एवं पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभाग आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
माननीय प्रभारी मंत्री ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि के लिए विभागवार नोडल पदाधिकारी नामित कर जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से निर्धारित की जाए। उन्होंने जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर नियमित समन्वय एवं समीक्षा के माध्यम से अभियान की तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान की प्रत्येक गतिविधि का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। इसी क्रम में बैठक में बिहार में 17 सितंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक संचालित होने वाले ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस अभियान के तहत पुरानी परिसंपत्तियों के उन्नयन, सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत के साथ-साथ आवश्यक नई आधारभूत संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि 17 सितंबर को विशेष ग्राम सभा आयोजित कर पुरानी परिसंपत्तियों के उन्नयन, सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत तथा आवश्यक नई आधारभूत संरचनाओं के निर्माण से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पारित कराया जाए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम सभा से पारित योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया। इस अवसर पर सहायक समाहर्त्ता,अपर समाहर्त्ता,अनुमण्डल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के साथ-साथ अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।