नवादा : जिस मैदान में छात्राएं रोज सुबह-शाम खेलती हैं, उसी जगह निर्माण शुरू होने की जानकारी मिलते ही कस्तूरबा विद्यालय की छात्राएं कैंपस से बाहर निकल आयीं। छात्राओं ने सड़क पर नारेबाजी करते हुए तत्काल निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की। मामला जिला मुख्यालय कस्तूरबा विद्यालय का है, जहां डायट के कर्मचारी और अधिकारियों के आवासीय परिसर के निर्माण का काम शुरू कराया जा रहा है।
डायट के अभ्यास मध्य विद्यालय परिसर में कस्तूरबा बालिका विद्यालय बनाया गया है। यहां पिछले छह साल से छात्राएं पढ़ाई के लिए आवासीय सुविधा के साथ रह रही हैं। विद्यालय के खाली मैदान में डायट के कर्मचारियों और अधिकारियों के आवासीय परिसर के निर्माण की शुरुआत करायी जा रही है। इसी का छात्राओं ने विरोध किया। छात्राओं ने कहा कि यही एक परिसर है, जहां वे लोग सुबह-शाम खेलती हैं। सुबह स्कूल की असेंबली और अन्य सभी गतिविधियां इसी परिसर में होती हैं।
छात्राओं का कहना है कि यदि इस मैदान में नया निर्माण होता है, तो उनके पास खेलने और स्कूल से जुड़ी जरूरी गतिविधियां करने के लिए कोई स्थल नहीं बचेगा। निर्माण रोकने की मांग को लेकर छात्राएं कैंपस से बाहर निकलकर सड़क पर पहुंचीं और जमकर विरोध में नारेबाजी की। उन्होंने हो रहे निर्माण कार्य को रोकने की मांग की। इसके बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कस्तूरबा विद्यालय के शिक्षकों ने छात्राओं को समझा-बुझाकर शांत कराया।
भईया जी की रिपोर्ट