नवादा : जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र की सरौनी पंचायत प्रभानगर गांव में 19 वर्षीय सुविता कुमारी की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मृतका चार माह की गर्भवती थी। उसकी मां ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना और जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने सास को हिरासत में ले मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान गोलू चौधरी की पत्नी सुविता कुमारी 19 वर्ष के रूप में की गई है। मृतका चार माह की गर्भवती थी। मृतका का मायका धमौल थाना क्षेत्र के रेवार गांव बताया गया है तथा वह प्रमोद चौधरी की पुत्री है।
मृतका की मां ने घटना के पीछे ससुराल वालों पर प्रताड़ित एवं मारपीट करने तथा मछली में जहर मिलाकर खिलाने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका की मां संजू देवी का आरोप है कि सुविता की शादी करीब 14 महीने पूर्व थाना क्षेत्र के प्रभानागर निवासी गोलू चौधरी के साथ हिन्दू रिति रिवाज से की गई थी। उपहार में 5 लाख रुपये नगद, अपाची बाइक तथा एक भर सोने का दिया गया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल में उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। कुछ दिनों से उसकी सास एवं ससुर उसके साथ मारपीट कर रहे थे तथा पति एवं मायके वालों से बातचीत करने से रोक रखा था।
घटना की रात उसकी सास के द्वारा सभी परिवार की सहमति से सुविता को मछली में जहर मिलाकर खिलाया। तबीयत बिगड़ने और उल्टी होने के बाद उसकी गोतनी ने मायके वालों को फोन कर जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद परिजन जब मौके पर पहुंचे तब तक सुविता की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि मृतका की मां संजु देवी के द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पूछताछ के लिए मृतका की सास साबो देवी को हिरासत में ले लिया गया है। घटना के बाद परिवार के अन्य सदस्य फरार हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
भईया जी की रिपोर्ट