नवादा : “भैंस गेलो पानी में” वाली कहावत जिला मुख्यालय के ऐतिहासिक हरिश्चंद्र स्टेडियम में चरितार्थ होती दिख रही है। सामान्य दिनों में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और खिलाड़ी सुबह-शाम टहलने और खेलों के अभ्यास के लिए स्टेडियम पहुंचते हैं, लेकिन स्टेडियम के अंदर पानी जमा रहने से खेल मैदान मुफ्त के स्वीमिंग पुल में तब्दील होता दिखाई दे रहा है। यहां बच्चे पानी में खेलते नजर आते हैं, वहीं आसपास के गाय-भैंस को जमा पानी में नहलाया जा रहा है। हरिश्चंद्र स्टेडियम के रखरखाव और मेंटेनेंस के नाम पर प्रतिवर्ष लाखों रुपये खर्च करने का दावा किया जाता है, लेकिन विकास के नाम पर फिलहाल जलजमाव से जूझता खेल मैदान नजर आ रहा है।
हरिश्चंद्र स्टेडियम में समय-समय पर प्रशासनिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहता है. 26 जनवरी और 15 अगस्त का मुख्य राजकीय समारोह इसी स्टेडियम में आयोजित होता है। स्टेडियम के अंदर बने खेल भवन का उपयोग कई इनडोर गेम के अभ्यास के लिए किया जाता है। खेल मैदान में क्रिकेट, हैंडबॉल, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो आदि खेलों की तैयारी के लिए खिलाड़ी आते हैं। इसके अलावा विभिन्न पदों पर बहाली के लिए होने वाले फिजिकल टेस्ट की तैयारी करने वाले सैकड़ों युवक-युवतियां भी सुबह-शाम स्टेडियम में रनिंग, जंपिंग और गोला फेंक आदि का अभ्यास करते थे लेकिन जलजमाव के कारण उन्हें निराश होकर अभ्यास छोड़नी पड़ रही है।
हरिश्चंद्र स्टेडियम में कोविड के समय नया खेल भवन तथा मैदान में मिट्टी भरवाने पर करोड़ों रुपये खर्च किये गये। स्टेडियम की बाउंड्री वॉल को ऊंचा करने, नया गेट बनाने आदि पर लाखों रुपये खर्च किये गये बावजूद जलजमाव की समस्या बनी हुई है। स्टेडियम में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण थोड़ी सी भी बारिश के बाद पानी जमा हो जाता है जिसका खामियाजा आम लोगों और खिलाड़ियों को भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यही समस्या सामने आती है।
साधनविहीन होने के बावजूद अपने प्रयास से जिले के खिलाड़ी नाम रोशन कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना कमाल दिखा राज्य के साथ जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। खिलाड़ियों के अनुसार कोच और आर्थिक मदद की बात तो दूर, उन्हें खेलने और अभ्यास के लिए खेल मैदान तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी रवि कुमार है कि पानी जमा होने की समस्या से सभी अधिकारियों को अवगत कराया गया है। स्टेडियम से जल निकासी के लिए प्रयास हो रहा है। वरीय अधिकारी के अनुसार काम किया जायेगा।
भईया जी की रिपोर्ट