नवादा : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक महिला का कथित रूप से चोरी-छिपे अश्लील वीडियो बनाने, उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने और जबरन शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान जमुई जिले के चंद्रदीप थाना क्षेत्र के नोनी गांव निवासी विकास कुमार उर्फ शंकर कुमार, पिता शंभू सिंह के रूप में हुई है।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजीत सिंह के अनुसार, पीड़िता जिले के एक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में गार्ड के रूप में कार्य करती है। महिला के आवेदन के आधार पर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विकास कुमार ने 15 अप्रैल 2025 को महिला के घर में किराये पर कमरा लिया था और वहीं रहने लगा। पीड़िता का आरोप है कि करीब एक महीने बाद आरोपित ने उसे कपड़े बदलते समय चोरी-छिपे वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
महिला ने पुलिस को दिये आवेदन में आरोप लगाया है कि वीडियो सार्वजनिक करने का भय दिखाकर आरोपित ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला पर दबाव बनाता रहा। आवेदन के अनुसार, महिला जब संबंध बनाने से इनकार करती तो आरोपित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देता था। इससे वह मानसिक दबाव और भय में रहने को मजबूर थी। आरोप है कि 10 सितंबर को आरोपित ने महिला के साथ मारपीट की इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को आवेदन देकर मामले की शिकायत कहीं।
आवेदन के आधार पर मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजीत सिंह ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विकास कुमार उर्फ शंकर कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी। गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट